
नाग पंचमी का मेला देखकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत
The silence media news
औरंगाबाद - जिले के मदनपुर प्रखंड स्थित प्रसिद्ध बकस बाबा मंदिर से पूजा करके लौट रहे दो बाइक सवार व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो गए। दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा अन्य व्यक्ति को घायल अवस्था में अस्पताल भेजा गया। मृतक की पहचान रफीगंज निवासी सर्जुन साव और घायल की पहचान उपेंद्र साव के रूप में की गई है।
घटना सोमवार की है।
जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के वार स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर लौट रहे दो मोपेड लोगों को तेज रफ्तार हाइवा ने कुचल दिया। दोनों वार स्थित प्रसिद्ध बकस बाबा मंदिर से नाग पंचमी के अवसर पर पूजा करके लौट रहे थे। घटना रफीगंज-शिवगंज मुख्य मार्ग पर चातर पेट्रोल पंप के समीप की है। जहां अज्ञात हाईवा की टक्कर से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान रफीगंज नगर पंचायत के वार्ड संख्या-1 अब्दुलपुर निवासी स्वर्गीय शिव प्रसाद साव के 57 वर्षीय पुत्र सर्जुन साव के रूप में हुई है। वहीं घायल 40 वर्षीय उपेंद्र साव, पिता गणेश साव, अब्दुलपुर निवासी हैं।
घायल उपेंद्र साव ने बताया कि दोनों नाग पंचमी के अवसर पर वार स्थित मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के बाद लूना से घर लौटने के दौरान चातर पेट्रोल पंप के पास रफीगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी लूना में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सर्जुन साव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि उपेंद्र साव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल को स्थानीय लोगों की मदद से रफीगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही रफीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
राजद नेता और पूर्व प्रखंड उप प्रमुख रणविजय यादव ने बताया कि सर्जुन साव के परिवार में एक पुत्र और पांच पुत्रियां हैं। लगभग तीन वर्ष पूर्व उनकी पत्नी उषा देवी का बीमारी के कारण निधन हो गया था। वे ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। सरकार तत्काल मृतक के परिजनों को मुआवजा दे।
घटना क संबंध में रफीगंज अंचलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद मृतक के आश्रितों को सरकार के नियमानुसार मुआवजा प्रदान किया जाएगा। हादसे के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि घटना घटना की जांच की जा रही है। वाहन को टक़्कर मारने वाले हाईवा की खोज की जा रही है। किसी भी स्थिति में दोषियों को छोड़ नहीं जाएगा।
#thesilencemedianews #औरंगाबाद #aurangabad #rafiganj #Madanpur #bakasbaba