
*हरियाणा पुलिस के ऑपरेशन ट्रैक डाउन अभियान के तहत दो आरोपी गिरफ्तार, एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ जारी*
*एक आरोपी पर 9 और दूसरे पर 3 आपराधिक मामले दर्ज, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों व हथियारों की तलाश में जुटी पुलिस*
झज्जर
हरियाणा पुलिस के ऑपरेशन ट्रैक डाउन अभियान के तहत पुलिस कमिश्नरेट झज्जर में पुलिस उपायुक्त मुख्यालय दीप्ति गर्ग के मार्गदर्शन में थाना सदर झज्जर पुलिस ने अपहरण, मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनील पुत्र सूरजमल निवासी पहाड़ीपुर, जिला झज्जर तथा अभिषेक उर्फ सोनू पुत्र राजेश निवासी खुड्डन, जिला झज्जर के रूप में हुई है।थाना सदर झज्जर के प्रबंधक निरीक्षक परमजीत कुमार ने बताया कि गांव बरहाणा निवासी प्रमोद ने शिकायत दी थी कि 14 जुलाई 2026 को वह अपने साथी विजय के साथ कार में जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उनकी कार को रोक लिया। हथियारों के बल पर दोनों को जबरन नीचे उतारकर मारपीट की गई तथा अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर दोबारा हमला किया गया। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर थाना सदर झज्जर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य जुटाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान घटना में प्रयुक्त हथियार, डंडे व अन्य साक्ष्यों की बरामदगी के साथ-साथ वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए गहन पूछताछ की जा रही है।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी अभिषेक उर्फ सोनू के विरुद्ध पहले से 9 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, धोखाधड़ी, मारपीट सहित अन्य गंभीर अपराध शामिल हैं। वहीं सुनील के खिलाफ 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें धोखाधड़ी, मारपीट और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले शामिल हैं।पुलिस आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क, वारदात में शामिल अन्य व्यक्तियों की भूमिका तथा घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। साथ ही रिमांड अवधि के दौरान महत्वपूर्ण बरामदगी और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई लगातार जारी है।
Uklana, Hissar | Aug 7, 2026