
रास्ते के विवाद में घर में घुसकर महिला और बेटियों से मारपीट, तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव में रास्ते के विवाद को लेकर घर में घुसकर महिला और उसकी बेटियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे में पहुंचे तीन लोगों ने परिवार पर हमला कर दिया। मारपीट में रामेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी रामदुलारी (45) के अनुसार, बीती 2 मई को सड़क हादसे में उनके पति रामरहीस की मौत हो गई थी। उनका आरोप है कि पति की मौत के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग परिवार को परेशान कर रहे हैं। मकान के पास रिश्तेदारों के घरों के बीच बने गलियारे और वहां दरवाजा लगाने को लेकर आए दिन विवाद होता रहता था।
पीड़िता के मुताबिक, 25 नवंबर की शाम करीब 6:30 बजे रास्ते को लेकर उनकी बेटी माधुरी और शैलेंद्र के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसके बाद सोनेलाल, शैलेंद्र और छोट्टा शराब के नशे में उनके घर में घुस आए और रामदुलारी के साथ उनकी बेटियों माधुरी, रामेश्वरी व साधना से मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है।
घटना में घायल लोगों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Hardoi, Hardoi | Nov 27, 2026