Public App Logo
Profile Picture

Buxar Online News

@buxaronlinenews
21509Followers
0Following
पूर्व CRPF जवानों ने विधायक आनंद मिश्रा के समक्ष रखी CGHS सुविधा की मांग

बक्सर । सोमवार को वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ एक्स-CRPF वॉरियर, बक्सर के कार्यालय में सदर विधायक आनंद मिश्रा का आगमन हुआ। इस दौरान एसोसिएशन की ओर से कार्यक्रम आयोजित कर विधायक का गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कार्यक्रम में एसोसिएशन के पदाधिकारी, पूर्व CRPF जवान, सदस्य एवं उनके परिजन मौजूद रहे।

इस अवसर पर विधायक आनंद मिश्रा ने CRPF के वीर जवानों, पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों के राष्ट्रसेवा में दिए गए योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि CRPF जवानों का त्याग, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और देश की आंतरिक सुरक्षा में योगदान प्रेरणादायक है।

कार्यक्रम के दौरान वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ एक्स-CRPF वॉरियर के अध्यक्ष रितेश पांडेय ने बक्सर में CGHS की OPD सुविधा एवं Wellness Centre स्थापित करने की मांग विधायक के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि बक्सर एवं आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले पूर्व केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कर्मियों और उनके परिवारों के लिए यह सुविधा बेहद उपयोगी साबित होगी।

मांग पर विधायक आनंद मिश्रा ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए संबंधित स्तर पर जल्द पहल करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पूर्व CRPF जवानों एवं उनके परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें महत्वपूर्ण हैं और इस दिशा में हरसंभव सहयोग किया जाएगा।

विधायक ने एसोसिएशन की ओर से पूर्व CRPF जवानों एवं उनके परिवारों के हित में किए जा रहे सामाजिक एवं कल्याणकारी कार्यों की भी सराहना की।

कार्यक्रम में अध्यक्ष रितेश पांडेय, कोषाध्यक्ष गोपाल, सचिव एवं पूर्व इंस्पेक्टर छोटे लाल सिंह, विनोद कुमार तिवारी, वशिष्ठ कुमार राय, रघुनाथ यादव, विक्रमा मिश्रा, प्रभात मिश्रा, प्रसाद उपाध्याय, रंजन राय, जगमोहन राम सहित बसंत राय, जावेद खान, नितेश कुमार, BSF जवान नरेश कुमार पांडेय, BSF जवान उत्तम कुमार एवं अन्य परिजन उपस्थित रहे।
चुनाव आयोग के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन में शामिल हुए अनिरुद्ध सिंह

बक्सर । मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस पार्टी द्वारा देशभर में आयोजित धरना-प्रदर्शन के क्रम में दिल्ली में भी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में बक्सर जिले के धरौली गांव निवासी एवं दिल्ली प्रदेश पूर्वांचल कांग्रेस के उपाध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह भी शामिल हुए।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज करा रही है। उन्होंने कहा कि इसी क्रम में दिल्ली में आयोजित प्रदर्शन में उन्होंने भी पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ भाग लिया।

प्रदर्शन में दिल्ली पूर्वांचल कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. सुधांशु यादव, महासचिव सूरज कुमार, अधिवक्ता चंद्रशेखर, सचिव नरेश यादव, कांग्रेस नेता सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करने का आह्वान किया।
भौतिकी प्रयोगशाला की जर्जर हालत पर विद्यार्थी परिषद ने किया निरीक्षण, तीन दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी

बक्सर । महर्षि विश्वामित्र महाविद्यालय, बक्सर के भौतिकी विभाग की जर्जर प्रयोगशाला को लेकर छात्रों की शिकायतों के बाद सोमवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की महाविद्यालय इकाई ने प्रयोगशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परिषद के पदाधिकारियों ने प्रयोगशाला में जर्जरता और कई तरह की अव्यवस्थाएं होने का दावा किया। परिषद का कहना है कि इससे विद्यार्थियों को प्रायोगिक शिक्षा प्राप्त करने में परेशानी हो रही है।

विभाग संयोजक अविनाश पाण्डेय ने कहा कि प्रयोगशाला छात्रों की प्रायोगिक शिक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसकी जर्जर स्थिति के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने महाविद्यालय प्रशासन से प्रयोगशाला की तत्काल मरम्मत कराने और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

जिला संयोजक अभिनंदन मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित के मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय है। छात्रों की शिकायत पर किए गए निरीक्षण में भौतिकी प्रयोगशाला की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। उन्होंने प्रयोगशाला के जीर्णोद्धार के साथ आवश्यक उपकरण एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

कॉलेज अध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय ने कहा कि विद्यार्थी लंबे समय से प्रयोगशाला की जर्जर स्थिति की शिकायत कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान स्थिति चिंताजनक पाई गई। उन्होंने कहा कि यदि तीन दिनों के भीतर ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध आंदोलन करेगी, जिसकी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।

मौके पर प्रियांशु शुभम, अभिषेक गुप्ता, विराज सिंह, ऋषि नंदन दुबे, प्रभास चौबे सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कांग्रेस नेता हरिनारायण उपाध्याय के निधन से कांग्रेस परिवार में शोक, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

- डॉ. मनोज पांडे ने कहा- एक अभिभावक का साया उठ गया, मुक्ति धाम पर नम आंखों से दी अंतिम विदाई

बक्सर । बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व उपाध्यक्ष अनिल उपाध्याय के पिता हरिनारायण उपाध्याय के आकस्मिक निधन से कांग्रेस परिवार में शोक की लहर है। निधन की खबर मिलते ही कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने गहरी संवेदना व्यक्त की। सोमवार को बक्सर मुक्ति धाम पर कांग्रेसजनों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।

निधन की सूचना मिलने पर बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष डॉ. मनोज पांडे उनके पैतृक आवास पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार अनिल उपाध्याय एवं उनके परिवार के साथ खड़ा है।

मुक्ति धाम पर श्रद्धांजलि के दौरान डॉ. मनोज पांडे ने कहा कि हरिनारायण उपाध्याय का निधन उनके लिए व्यक्तिगत रूप से अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा, “उनका जाना एक अभिभावक के चले जाने के समान है। वे केवल अनिल उपाध्याय के पिता नहीं, बल्कि हम सभी कांग्रेसजनों के लिए स्नेही अभिभावक और मार्गदर्शक के समान थे।” उन्होंने उनके स्नेह, आशीर्वाद और आत्मीय व्यवहार को याद करते हुए कहा कि उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी।

डॉ. पांडे ने कहा कि हरिनारायण उपाध्याय कांग्रेस की विचारधारा और कांग्रेस परिवार से आत्मीय रूप से जुड़े रहे। सरल, सहज एवं मिलनसार स्वभाव के कारण वे सभी के बीच सम्मानित थे और लोगों के सुख-दुःख में सहभागी रहते थे।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य डॉ. प्रमोद ओझा ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निधन से कांग्रेस परिवार ने एक वरिष्ठ अभिभावक खो दिया है। उन्होंने कहा कि उनका स्नेह, मार्गदर्शन और आत्मीय व्यवहार हमेशा स्मृतियों में बना रहेगा।

वहीं, डॉ. सत्येंद्र ओझा ने कहा कि हरिनारायण उपाध्याय का निधन कांग्रेस परिवार के लिए बड़ी क्षति है। उन्होंने उन्हें नेकदिल, जिंदादिल और सभी के प्रति भाईचारे की भावना रखने वाला व्यक्ति बताया।

श्रद्धांजलि देने वालों में डॉ. सत्येंद्र ओझा, रोहित उपाध्याय, भोला ओझा, कुमकुम देवी, जिला किसान प्रकोष्ठ अध्यक्ष संजय कुमार पांडे, जिला अति पिछड़ा प्रकोष्ठ अध्यक्ष विनोद कुशवाहा, उपेंद्र पांडे, त्रिजोगी नारायण मिश्रा, महेंद्र चौबे, विश्वामित्र उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे। कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ बक्सर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पीएम मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का फूंका पुतला

बक्सर । मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोट चोरी और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के आरोपों को लेकर बक्सर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिला अध्यक्ष पंकज उपाध्याय के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिला समाहरणालय के मुख्य गेट के समीप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘‘वोट चोर गद्दी छोड़’’, ‘‘वोट चोर कहां मिलेंगे-भाजपा के ऑफिस में’’ और ‘‘ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दो’’ समेत कई नारे लगाए।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर लगातार वोट चोरी के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के अंदर से सामने आए मतभेदों और अधिकारियों की आपत्तियों से कई सवाल खड़े हुए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि आपत्तियों के बावजूद भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर मतदाता सूची में गड़बड़ी की गई और भाजपा समर्थक नहीं माने जाने वाले लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए इस्तीफा लेने की मांग की। चुनाव आयोग के कामकाज और एसआईआर को लेकर चुनाव आयुक्तों के बीच कथित मतभेदों पर हाल में राष्ट्रीय स्तर पर भी विवाद सामने आया है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरिशंकर उर्फ गोपाल त्रिवेदी ने कहा कि लोकतंत्र की कथित हत्या के विरोध में पुतला दहन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है और आगे भी व्यापक स्तर पर कार्यक्रम किए जाएंगे। उन्होंने सरकार को बर्खास्त करने तथा मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता महिमाशंकर उपाध्याय ने अपना पुराना वोटर आईडी कार्ड दिखाते हुए कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उनका नाम मतदाता सूची में नहीं था। उन्होंने कहा कि वोटर आईडी कार्ड होने के बावजूद उन्हें मतदान से वंचित होना पड़ा। उनके अनुसार, उनके गांव में भी कई लोगों के नाम मतदाता सूची से हटे हैं और अभी तक उनके नाम दोबारा नहीं जुड़े हैं।

कांग्रेस नेता संजय दुबे उर्फ पप्पू दुबे ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के जरिए लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। वही युवा कांग्रेस नेता लक्ष्मण उपाध्याय ने कहा कि विपक्ष को कमजोर करने की साजिश की जा रही है और सरकार से जवाब मांगा जाना चाहिए। उन्होंने संसद में विपक्ष के साथ व्यवहार और छात्रों के आंदोलनों का भी जिक्र किया।

कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष निर्मला देवी ने कहा कि कांग्रेस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है। उन्होंने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और पद से हटाने की मांग की।

इटाढ़ी प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष कमलेश पाठक ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए देश में वर्षों से लोग मतदान करते आए हैं, लेकिन मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जाने की शिकायतें गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने तथा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को दूर कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बहाल करने की मांग की।

कांग्रेस का यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयोग के कामकाज को लेकर कांग्रेस समेत विपक्षी दलों ने देश के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
पंचायत से नगर निकाय तक सभी सीटों पर मजबूती से चुनाव लड़ेगा जन सुराज : किशोर कुमार मुन्ना

बक्सर । आगामी पंचायत, जिला परिषद एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों को लेकर सोमवार को जन सुराज पार्टी की जिला इकाई की बैठक बक्सर स्थित पार्टी कार्यालय में आयोजित हुई। जिला अध्यक्ष बजरंगी मिश्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन लोकसभा चुनाव प्रबंधन समिति के प्रभारी दिवाकर पाठक ने किया। बैठक में प्रदेश एवं जिला स्तर के नेताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर चर्चा की।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश चुनाव संयोजक एवं पूर्व विधायक किशोर कुमार मुन्ना, प्रदेश संगठन महासचिव सुभाष सिंह कुशवाहा, शाहाबाद परिक्षेत्र प्रभारी रविंद्र द्विवेदी, जेएसओ अध्यक्ष विनय कृष्ण मिश्रा सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

मीडिया से बातचीत में किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि महात्मा गांधी ने ग्राम स्वराज की कल्पना की थी, लेकिन इसकी मूल भावना अभी पूरी तरह जमीन पर नहीं उतर पाई है। उन्होंने कहा कि जन सुराज का उद्देश्य केवल सांसद और विधायक के चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि पंचायत से लेकर विधानसभा और संसद तक योग्य एवं अच्छे लोगों को नेतृत्व का अवसर देना है।

उन्होंने कहा कि पंचायत और नगर निकायों में शिक्षित, योग्य एवं समाज के प्रति समर्पित लोगों को आगे लाने की दिशा में पार्टी काम कर रही है। स्थानीय स्तर पर सक्षम नेतृत्व से बेहतर व्यवस्था और जनहित सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि पंचायत और स्थानीय निकायों में शराब, भूमि एवं बालू माफिया के प्रभाव को रोकने के लिए भी जन सुराज लगातार काम कर रहा है।

किशोर कुमार मुन्ना ने कहा कि आगामी परिसीमन के बाद बढ़ने वाली सीटों समेत पंचायत, जिला परिषद और नगर निकाय की सभी सीटों पर योग्य उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयारी की जा रही है।

वहीं, सुभाष सिंह कुशवाहा ने कहा कि आने वाले शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों के एमएलसी चुनावों में पार्टी अपने प्रत्याशियों के साथ मजबूती से मैदान में है। उन्होंने कहा कि पंचायत, जिला परिषद एवं नगर निकाय चुनावों में भी मजबूत संगठन और जनभागीदारी के साथ योग्य एवं समर्पित लोगों को मैदान में उतारा जाएगा।

बैठक में कनक लता सिंह, धर्मेंद्र पांडे, मोहम्मद फैयाज खान, धनजी पांडे, फाइटर सिंह, ललक राय, जयराम कुशवाहा, रघुवर सिंह, अजीत सम्राट, विजय पाठक, धनंजय पासवान, विष्णुदेव राय, प्रभु ओझा, श्रीमान राय, नीलू, शंभू प्रसाद यादव खरवार, जगदंबा, नजीर खान, विजय आनंद वर्मा, मनीष उपाध्याय, मनोज उपाध्याय, अरविंद गुप्ता, योगेंद्र यादव, रेनू प्रजापति, अभिषेक सिंह, बनारसी बिहार, शिवनंदन ठाकुर एवं विकास पाठक सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
दो पड़ोसी परिवारों के बीच मामूली विवाद में खूनी संघर्ष, वृद्ध की मौत, छह आरोपी गिरफ्तार

बक्सर । सिमरी थाना क्षेत्र के खैरापट्टी गांव में रविवार की शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुए विवाद के बाद जमकर लाठी-डंडे चले। मारपीट में सिर में गंभीर चोट लगने से वृद्ध श्रीराम रजक गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही सिमरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जाता है कि रविवार शाम करीब सात बजे थूकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई।

मृतक के परिजनों ने पड़ोसी भृगुनाथ रजक के परिवार के सदस्यों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि मारपीट में गंभीर चोट लगने के कारण श्रीराम रजक की मौत हुई।

घटना की जानकारी मिलने पर डुमरांव एसडीपीओ समीर कुमार सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने पीड़ित पक्ष से घटना की जानकारी लेते हुए पुलिस अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

मामले में सिमरी थाना पुलिस ने सोमवार सुबह छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
"हाफ पैंट और गंजी" में थे डॉक्टर, मौत के बाद मरीज के परिजनों का आरोप, निजी अस्पताल नेहा नर्सिंग होम में जमकर हंगामा
छात्रावास की बदहाली पर छात्रों के हित में मुखर हुए अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य राजू खरवार
छात्रावास की बदहाली पर आक्रोशित छात्रों को समझाने में सफल रहे सदर एसडीएम अविनाश कुमार, व्यवस्था सुधार और दोषियों पर कार्रवाई का दिया भरोसा
देश के 24 चयनित केंद्रों में बक्सर का कमल सेवा केंद्र, पीएम मोदी के ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण का प्रसारण, विधायक आनन्द मिश्रा बोले- ‘यह देश की बात’
अतिपिछड़ा संघर्ष मोर्चा के नेता सरोज राजभर ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी, कहा- अंबेडकर छात्रावास में गरीब बच्चों पर हो रहा जुल्म
‘मन की बात’ के लिए कमल सेवा केंद्र का चयन, बक्सर में महिला कार्यकर्ताओं से लेकर युवाओं तक दिखा उत्साह : भाजपा महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष कंचन देवी
भीम आर्मी के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल प्रधान ने जिला कल्याण पदाधिकारी को बर्खास्त करने की उठाई मांग, छात्रावास की बदहाली पर भड़का छात्रों का आक्रोश
संतोष कुमार पाण्डेय बने बक्सर जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन के सचिव,बधाइयों का लगा तांता

बक्सर । जिले में वॉलीबॉल खेल को बढ़ावा देने की दिशा में बक्सर जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। वॉलीबॉल एसोसिएशन ऑफ बिहार के अध्यक्ष सांसद राजीव प्रताप रूडी एवं सचिव प्रमोद सिंह के नेतृत्व में संतोष कुमार पाण्डेय को बक्सर जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन का सचिव नियुक्त किया गया है।

एसोसिएशन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, संतोष कुमार पाण्डेय लंबे समय से बक्सर में खेल गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। विभिन्न खेल आयोजनों को सफल बनाने के साथ-साथ जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में भी उनकी सक्रिय भूमिका रही है। इसी सक्रियता और खेलों के प्रति समर्पण को देखते हुए उन्हें जिला वॉलीबॉल एसोसिएशन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

नवनियुक्त सचिव संतोष कुमार पाण्डेय ने कहा कि एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव प्रताप रूडी और सचिव प्रमोद सिंह ने उन पर जो भरोसा जताया है, उसे पूरी निष्ठा से निभाने का प्रयास करेंगे। उनका लक्ष्य बक्सर के प्रत्येक प्रखंड से वॉलीबॉल प्रतिभाओं को सामने लाना और खिलाड़ियों को जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है।

एसोसिएशन को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में जिले में वॉलीबॉल के विकास को गति मिलेगी तथा जल्द ही जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। एसोसिएशन के अध्यक्ष पूर्व विधायक संजय कुमार तिवारी (मुन्ना तिवारी), कोषाध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी नवनियुक्त सचिव को शुभकामनाएं दी हैं।
अंबेडकर आवासीय विद्यालय के छात्रों की समस्याओं पर प्रशासन सख्त, जांच समिति गठित ,कल्याण पदाधिकारी से मांगा स्पष्टीकरण

बक्सर । केसठ प्रखंड के रामपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालय से कुछ छात्रों के विद्यालय परिसर से बाहर निकलने की सूचना के बाद जिला प्रशासन ने मामले का त्वरित संज्ञान लिया है। सूचना मिलते ही जिला कल्याण पदाधिकारी ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक से दूरभाष पर संपर्क कर स्थिति की जानकारी ली। प्रधानाध्यापक ने बताया कि कुछ छात्र विद्यालय के मुख्य द्वार से बाहर निकल गए हैं। इसके बाद छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को तत्काल उनके पीछे भेजा गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी डुमरांव एवं संबंधित थाना प्रभारी ने छात्रों से संवाद कर विद्यालय से बाहर निकलने के कारणों और उनकी समस्याओं की जानकारी लेने का प्रयास किया। हालांकि, तत्काल छात्रों की ओर से अपनी समस्याओं के संबंध में स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इस दौरान कुछ छात्र शिक्षकों के साथ विभिन्न माध्यमों से बक्सर पहुंचे।

प्रशासन के अनुसार, विद्यालय में पिछले कुछ दिनों से विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली बाधित रहने की अवधि में भोजन, पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं जनरेटर के माध्यम से संचालित की जा रही हैं।

बक्सर पहुंचने के बाद छात्रों की सुरक्षा, संरक्षण और आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर समेत अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने स्थिति की समीक्षा शुरू की। जिला पदाधिकारी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी को छात्रों के हित में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

वहीं, उप विकास आयुक्त बक्सर की अध्यक्षता में एक जांच समिति का गठन किया गया है। समिति विभाग द्वारा संचालित सभी छात्रावासों का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भोजन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति समेत अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करेगी और आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

मामले में जिला कल्याण पदाधिकारी से स्पष्टीकरण भी मांगा गया है। जिला प्रशासन ने कहा है कि आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में रहने वाले विद्यार्थियों की सुरक्षा, संरक्षण, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन ने विद्यार्थियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सवर्ण हितों की रक्षा को लेकर राष्ट्रीय परशुराम परिषद मुखर, चार सूत्री मांगों के साथ मल्लिकार्जुन राय ने उठाई आवाज
छात्रावास की बदहाली पर फूटा छात्रों का गुस्सा, सैकड़ों छात्र पहुंचे जिला मुख्यालय; समझाने में अधिकारियों के छूटे पसीने
ऑपरेशन के बाद शिक्षक हरिओम की मौत से भड़के परिजन,नेहा नर्सिंग होम में भारी बवाल के बाद बक्सर नगर थाना पुलिस ने संभाला मोर्चा; डॉक्टर महेंद्र प्रसाद पर इलाज में लापरवाही का आरोप
UPI पर चार्ज लगेगा या नहीं? चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रेसिडेंट सत्यदेव प्रसाद ने दूर किया भ्रम
निजी अस्पताल नेहा नर्सिंग होम में क्या हुआ था? शिक्षक मौत मामले में नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह ने दी घटना की जानकारी..
बक्सर के नेहा नर्सिंग होम में ऑपरेशन के बाद शिक्षक की मौत से उबाल; हंगामे में डॉक्टर को चोट आने की खबर से पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, डॉक्टर पर पैसे के लिए जान से खिलवाड़ का आरोप

बक्सर । नगर थाना क्षेत्र के कोइरपुरवा मोहल्ले में स्थित एक निजी अस्पताल नेहा नर्सिंग होम में हड्डी के ऑपरेशन के बाद युवक की मौत को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हो गया। मृतक युवक की पहचान हरिओम के रूप में हुई है। हरिओम कोइरपुरवा मोहल्ले में स्थित चंडिका प्रेस के ऑनर थे। साथ ही वे महदह स्थित सरकारी स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत बताए गए हैं।

मृतक के परिजनों ने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. महेंद्र प्रसाद पर इलाज में लापरवाही और पैसे के लिए मरीज की जान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि हड्डी के ऑपरेशन के बाद हरिओम की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने निजी अस्पताल में जमकर हंगामा किया।

हंगामे के दौरान डॉक्टर महेंद्र प्रसाद को भी चोट लगने की खबर है। पुलिस ने डॉक्टर को सुरक्षा में लेकर मौके से बाहर निकाला। घटना की सूचना पर सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय और नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी में है। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजनों द्वारा ऑपरेशन के बाद युवक की मौत का आरोप लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। युवक की मौत के वास्तविक कारण और इलाज में लापरवाही के आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगी।
बक्सर के निजी अस्पताल में हड्डी के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा; मौके पर पहुंची पुलिस

बक्सर । नगर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में हड्डी के ऑपरेशन के बाद मरीज की मौत को लेकर रविवार को जमकर हंगामा हुआ। मरीज की मौत से आक्रोशित परिजन अस्पताल पहुंचे और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

परिजनों का आरोप है कि मरीज के इलाज में लापरवाही बरती गई और पैसे के लिए गलत तरीके से इलाज कर मरीज की जान के साथ खिलवाड़ किया गया। उनका कहना है कि हड्डी का ऑपरेशन कराने के बाद मरीज की हालत बिगड़ती गई और अंततः उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद निजी अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली। मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। फिलहाल मरीज की मौत के वास्तविक कारण और इलाज में लापरवाही के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
व्यवस्था से नाराज अम्बेडकर छात्रावास के सैकड़ों बच्चों ने किया बक्सर में सड़क जाम
अम्बेडकर छात्रावास केसठ से 40 किलोमीटर पैदल चलकर सैकड़ों बच्चे पहुँचे बक्सर, SDM- DSP ने संभाला मोर्चा