
बक्सर के दो साहित्यकारों को अंतरराष्ट्रीय सम्मान, प्रो. अरुण मोहन भारवि और डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी का हुआ चयन
- प्रो. भारवि को रामनाथ पांडेय सम्मान और डॉ. चतुर्वेदी को अशोक कुमार अवस्थी सम्मान से किया जाएगा सम्मानित, दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में मिलेगा पुरस्कार
बक्सर । भोजपुरी साहित्य के क्षेत्र में बक्सर के लिए गौरव की खबर है। भोजपुरी साहित्य मंडल के दो प्रमुख साहित्यकार प्रो. अरुण मोहन भारवि और डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी को अंतरराष्ट्रीय संस्था जीवनोदय शिक्षा समिति, गाजीपुर की ओर से प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयनित किया गया है। दोनों साहित्यकारों को उनके विशिष्ट साहित्यिक और पत्रकारिता संबंधी योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।
जीवनोदय शिक्षा समिति के केंद्रीय लोक प्रभारी पवन बाबू ने इसकी सूचना देते हुए बताया कि समिति की केंद्रीय चयन समिति ने देशभर के साहित्य, कला, पत्रकारिता और रंगमंच के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों के बीच बक्सर के दोनों साहित्यकारों का चयन किया है।
घोषणा के अनुसार, प्रो. अरुण मोहन भारवि को उनके समग्र साहित्यिक रचना कर्म के लिए 'रामनाथ पांडेय सम्मान' प्रदान किया जाएगा। वहीं, डॉ. वैरागी प्रभाष चतुर्वेदी को भोजपुरी पत्रकारिता और पत्रकारिता के क्षेत्र में किए गए शोधपरक लेखन के लिए 'अशोक कुमार अवस्थी सम्मान' से सम्मानित किया जाएगा।
दोनों साहित्यकारों को यह सम्मान दिसंबर माह में आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय सेमिनार के अवसर पर प्रदान किया जाएगा। इस उपलब्धि से भोजपुरी साहित्य मंडल और जिले के साहित्य प्रेमियों में हर्ष का माहौल है।
भोजपुरी साहित्य मंडल ने इसे केवल दो साहित्यकारों की उपलब्धि नहीं, बल्कि बक्सर की समृद्ध साहित्यिक परंपरा और भोजपुरी भाषा-साहित्य के लिए गौरवपूर्ण सम्मान बताया है। मंडल ने इस चयन के लिए जीवनोदय शिक्षा समिति के निदेशक प्रो. रामनारायण तिवारी और केंद्रीय प्रभारी पवन बाबू के प्रति आभार व्यक्त किया है।
Buxar, Buxar | Nov 28, 2026