
स्व. सत्यनारायण चौबे की पहली पुण्यतिथि पर क्विज प्रतियोगिता, 80 विद्यार्थी हुए सम्मानित
- राज इनोवेशन एकेडमिक स्कूल में श्रद्धांजलि सभा के साथ हुआ आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को दी गई दीवार घड़ी, कलम और प्रमाणपत्र
बक्सर । राज इनोवेशन एकेडमिक ट्रस्ट के पूर्व अध्यक्ष स्व. सत्यनारायण चौबे की पहली पुण्यतिथि पर अशोक नगर स्थित मित्रलोक कॉलोनी के राज इनोवेशन एकेडमिक स्कूल परिसर में श्रद्धांजलि सभा एवं क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले करीब 80 छात्र-छात्राओं को दीवार घड़ी, कलम और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्व. सत्यनारायण चौबे के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, शिक्षा के प्रति समर्पण और शैक्षणिक क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य को लेकर उनकी सोच और शिक्षा के प्रति उनका समर्पण हमेशा प्रेरणास्रोत बना रहेगा।
मुख्य अतिथि आईमॉस कंप्यूटर सेंटर के निदेशक राजीव ओझा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ परीक्षा भी विद्यार्थियों की प्रगति का महत्वपूर्ण माध्यम है। इससे उन्हें अपनी तैयारी, ज्ञान और कमजोरियों का आकलन करने का अवसर मिलता है। उन्होंने नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी।
विद्यालय के निदेशक राजेश चौबे ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ बौद्धिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं भी जरूरी हैं। क्विज जैसी प्रतियोगिताओं से सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। विद्यालय प्रबंधन आगे भी ऐसे आयोजन कर विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देता रहेगा।
कार्यक्रम में प्राचार्य पंकज कुमार, कोऑर्डिनेटर रामू कुमार, शिक्षक सुनील पांडेय, प्रेम कुमार, सुरुचि कुमारी, पूजा कुमारी, प्रिया कुमारी, सुमन तिवारी और श्वेता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे। आयोजन के माध्यम से एक ओर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया गया, वहीं दूसरी ओर स्व. सत्यनारायण चौबे की स्मृतियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
Buxar, Buxar | Nov 28, 2026