
किसना ज्वेलरी शोरूम से 6.50 लाख के सोने की तीन चेन चोरी, दूसरे शोरूम में खरीदारी करने पहुंची युवती को पुलिस ने दबोचा
- सीसीटीवी फुटेज से खुला मामला, 45 ग्राम सोने की चेन गायब होने की शिकायत; नगर थाना पुलिस ने कल्याण ज्वेलर्स से लिया हिरासत में
बक्सर । शहर के पीपी रोड स्थित किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलरी शोरूम में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। आभूषण खरीदने के बहाने शोरूम पहुंची एक युवती पर करीब 6.50 लाख रुपये मूल्य की तीन सोने की चेन चोरी करने का आरोप है। शुक्रवार दोपहर हुई इस घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने शनिवार शाम युवती को शहर के ही कल्याण ज्वेलर्स से हिरासत में ले लिया। पूछताछ और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने उसे अल्पावास गृह भेज दिया है। सोमवार को न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने की बात कही गई है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 2:30 से 3 बजे के बीच एक युवती पीपी रोड स्थित किसना ज्वेलरी शोरूम पहुंची। उसने आभूषण खरीदने की बात कहकर सोने की चेन दिखाने को कहा। इस दौरान वह सेल्समैन को बातचीत में उलझाए रही। आरोप है कि इसी बीच मौका पाकर उसने तीन सोने की चेन अपने पास छिपा ली और शोरूम से बाहर निकल गई।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी संदिग्ध गतिविधि :
युवती के जाने के बाद शोरूम प्रबंधन को आभूषण गायब होने की आशंका हुई। इसके बाद मैनेजर ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला, जिसमें युवती की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई। शोरूम प्रबंधक की ओर से थाने में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, चोरी गई तीनों चेन का कुल वजन करीब 45 ग्राम और बाजार मूल्य लगभग 6.50 लाख रुपये है।
दूसरे ज्वेलरी शोरूम में पहुंचते ही पुलिस ने दबोचा :
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस युवती की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान शनिवार शाम करीब आठ बजे उसी हुलिए की युवती शहर के कल्याण ज्वेलर्स में आभूषण खरीदने पहुंची। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस टीम शोरूम पहुंच गई और उसे हिरासत में ले लिया। करीब 8:47 बजे पुलिस युवती को शोरूम से बाहर लेकर आई और नगर थाना पहुंची। उस समय युवती ने हल्के गुलाबी रंग का सलवार सूट और गुलाबी दुपट्टा पहन रखा था।
पूछताछ के बाद अल्पावास गृह भेजी गई युवती :
मामले में नगर थाना पुलिस ने शोरूम मैनेजर के लिखित आवेदन के आधार पर युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की। नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने बताया कि युवती को अल्पावास गृह भेज दिया गया है। सोमवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा। पुलिस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है।
Buxar, Buxar | Nov 29, 2026