
डुमरांव के पर्यावरणविद् उमेश गुप्ता रौनियार को नेपाल में अंतरराष्ट्रीय सम्मान
- भारत-नेपाल मैत्री शिक्षक गौरव सम्मान समारोह में हुए सम्मानित, पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए मिला सम्मान
बक्सर । पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डुमरांव के जाने-माने समाजसेवी एवं पर्यावरणविद् तरु मित्र उमेश गुप्ता रौनियार को नेपाल में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। नेपाल के जनकपुरधाम स्थित मिथिला बैंक्वेट में आयोजित भारत-नेपाल मैत्री अंतरराष्ट्रीय शिक्षक गौरव सम्मान समारोह-2026 में उन्हें सम्मान पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।
विकास फैमिली क्लब परिवार एवं एक्टिव टीचर्स एंड स्टूडेंट्स फेसबुक ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस समारोह में उमेश गुप्ता रौनियार को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके निरंतर प्रयासों, सामाजिक जागरूकता और उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इससे पहले उनके कार्यों को देखते हुए निरोजा ग्रीन इंडिया फाउंडेशन की ओर से उन्हें वर्ष 2026 का राष्ट्रीय सम्मान प्रदान करते हुए बिहार का ग्रीन एंबेसडर बनाया गया था।
समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में नेपाल के मधेश प्रदेश सभा के सभामुख राम आशीष यादव उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में जनकपुरधाम महानगरपालिका के प्रमुख मनोज कुमार साहू, मनराशिसवा नगरपालिका के नगर प्रमुख मोहन पांडेय और विकास फैमिली क्लब के संस्थापक मनोज मिश्रा सहित भारत और नेपाल की कई गणमान्य हस्तियां शामिल हुईं।
अंतरराष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होने की खबर से डुमरांव सहित पूरे जिले के पर्यावरण प्रेमियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं में खुशी है। लोगों ने उमेश गुप्ता को बधाई देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनका समर्पण और सामाजिक जागरूकता के लिए किए जा रहे प्रयास दूसरों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत प्रयासों की पहचान है, बल्कि डुमरांव और बिहार के लिए भी गौरव का विषय है।
Buxar, Buxar | Nov 28, 2026