
सिद्धाश्रम की पहचान और गौरव बहाली के लिए एकजुट हुई मातृशक्ति, पंचकोशी परिक्रमा से उठी मुहिम को नई धार
- वर्षा पांडेय के नेतृत्व में अहिल्या धाम में महिलाओं ने भरी हुंकार, कहा- बक्सर की पहचान सिद्धाश्रम, हमें वापस चाहिए अपना गौरव
बक्सर । विश्वप्रसिद्ध पंचकोशी परिक्रमा के शुभारंभ के साथ ही बक्सर को उसकी प्राचीन पहचान ‘सिद्धाश्रम’ दिलाने की मुहिम ने जोर पकड़ लिया है। परिक्रमा के प्रथम पड़ाव अहिरौली स्थित अहिल्या धाम में भाजपा नेत्री एवं सामाजिक कार्यकर्ता वर्षा पांडेय के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाओं ने एकजुट होकर सिद्धाश्रम की ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने की आवाज बुलंद की।
पूजा-अर्चना के बाद मातृशक्ति ने सामूहिक रूप से उद्घोष किया कि “बक्सर की पहचान सिद्धाश्रम है, हमें अपना सिद्धाश्रम गौरव वापस चाहिए।” महिलाओं की इस एकजुटता के जरिए अभियान को व्यापक जनसमर्थन देने का संदेश दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि बक्सर की गौरवशाली धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को उसकी वास्तविक पहचान दिलाने के लिए अब संगठित प्रयास की जरूरत है।
इस दौरान पंचकोशी परिक्रमा के पांचों पड़ावों के संरक्षण एवं समग्र विकास, प्राचीन धार्मिक स्थलों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने और गंगा किनारे लगभग छह किलोमीटर लंबे तट पर व्यवस्थित एवं पक्के घाटों के निर्माण की मांग उठाई गई। साथ ही बक्सर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रमुख धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया गया।
अभियान से जुड़े लोगों ने इसे विरासत के संरक्षण के साथ विकास और रोजगार से जुड़ी मुहिम बताया। उनका कहना है कि पंचकोशी परिक्रमा स्थलों का बेहतर विकास और पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होने से स्थानीय युवाओं एवं महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे हस्तशिल्प, परिवहन, आवास, छोटे कारोबार और सेवा क्षेत्र को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर वर्षा पांडेय ने कहा कि सिद्धाश्रम महज एक नाम नहीं, बल्कि बक्सर की आत्मा, इतिहास और आध्यात्मिक गौरव का प्रतीक है। पंचकोशी परिक्रमा हमारी अमूल्य धार्मिक धरोहर है। इसका संरक्षण और विकास हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हमारा संकल्प बक्सर की ऐतिहासिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के साथ इसे ऐसा धार्मिक पर्यटन केंद्र बनाना है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आएं और स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि जब मातृशक्ति अपनी विरासत और पहचान के लिए एकजुट होकर आवाज उठाती है, तो वह आवाज जनआंदोलन का रूप ले लेती है। पंचकोशी परिक्रमा के अवसर पर शुरू हुई यह पहल सिद्धाश्रम की पहचान, सांस्कृतिक गौरव और बक्सर के समग्र विकास के लिए सामूहिक संकल्प के रूप में सामने आई।
Buxar, Buxar | Nov 29, 2026