
बक्सर के पहलवानों को राष्ट्रीय पहचान दिलाने का संकल्प, महासचिव बनने के बाद पहली बार पहुंचे सुभाष सिंह, बैंड-बाजे के साथ हुआ जोरदार अभिनंदन, बोले- बच्चों की प्रतिभा को पहचानें अभिभावक, खेल के मैदान में आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी मेरी
बक्सर । बिहार कुश्ती संघ की कमान संभालने के बाद महासचिव सुभाष सिंह ने अब प्रदेश की कुश्ती प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने की तैयारी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में पहली बार बक्सर पहुंचने पर उनका खेलप्रेमियों और समर्थकों ने बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं से लादकर उनका अभिनंदन किया गया। स्वागत से अभिभूत सुभाष सिंह ने कहा कि बक्सर उनके लिए सिर्फ एक जिला नहीं, बल्कि अपना घर है। यहां आने के लिए किसी औपचारिक सूचना की जरूरत नहीं है।
इस दौरान उन्होंने कहा कि बिहार में कुश्ती की समृद्ध परंपरा रही है और अब जरूरत है इसे नई पीढ़ी से जोड़ने की। कुश्ती केवल शारीरिक ताकत का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, साहस और आत्मविश्वास विकसित करने का माध्यम भी है। रामायण और महाभारत काल से ही भारतीय संस्कृति में पहलवानी और शारीरिक सामर्थ्य का विशेष स्थान रहा है।
सुभाष सिंह ने कहा कि बिहार कुश्ती संघ को मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से प्रयास किए जाएंगे। भारतीय कुश्ती संघ का भी आशीर्वाद प्राप्त है। उनकी कोशिश होगी कि राज्य के प्रतिभावान पहलवानों को उचित प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और प्रतियोगिताओं में बेहतर अवसर मिले। बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएं और देश के लिए पदक जीतें, यही उनका लक्ष्य है।
उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की प्रतिभा को केवल पढ़ाई और नौकरी तक सीमित नहीं रखने की अपील की। कहा कि बच्चों को अच्छी शिक्षा के साथ संस्कार देना भी जरूरी है। उनकी रुचि जिस खेल में हो, परिवार को उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कुश्ती समेत खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने वाले बच्चों की मदद के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।
कार्यक्रम में संजय सिंह, काशेश्वर सिंह, प्रो. सिद्धेश्वर सिंह, यशवंत सिंह, सन्नी सिंह, सत्यप्रकाश चौबे, संजय पांडेय, उदय सिंह, चिंटू सिंह और सुशील कुमार सहित कई लोग उपस्थित रहे।
Buxar, Buxar | Nov 29, 2026