
नियाजीपुर पांडेय के डेरा में कल गूंजेगा अखण्ड हरिनाम संकीर्तन, भक्ति के रंग में रंगेगा धारा धाम, गोपालगंज विधायक अमरेंद्र पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय होंगे मुख्य अतिथि, श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में भव्य धार्मिक अनुष्ठान की तैयारियां पूरी
बक्सर । सिमरी प्रखंड के नियाजीपुर पांडेय के डेरा स्थित धारा धाम में सोमवार को भक्ति और अध्यात्म का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर के पावन परिसर में दिव्य-भव्य अखण्ड हरिनाम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को लेकर ग्रामीणों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है।
आयोजन समिति के अनुसार, संकीर्तन के दौरान हरिनाम की अविरल धारा प्रवाहित होगी। पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहेगा। आयोजन का उद्देश्य लोगों को भक्ति, आध्यात्म और सनातन संस्कृति से जोड़ना तथा समाज में धार्मिक सद्भाव का संदेश देना है।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में गोपालगंज के वर्तमान विधायक अमरेंद्र पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय शामिल होंगे। आयोजनकर्ता एवं युवा समाजसेवी कमलेश पांडेय ने बताया कि हरिनाम संकीर्तन भारतीय आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी प्रेम और धार्मिक चेतना का संचार होता है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनने की अपील की।
कार्यक्रम के निवेदक समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी तथा श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर सेवा समिति हैं। वहीं युवा समाजसेवी संतोष कुमार पांडेय को स्वागत की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्सवी माहौल है। श्रद्धालुओं को आमंत्रित करते हुए आयोजकों ने कहा कि कलियुग में भगवान के नाम का स्मरण ही भवसागर से पार उतरने का सबसे सरल मार्ग है। जैसा कि रामचरितमानस में कहा गया है— 'कलयुग केवल नाम अधारा, सुमिर-सुमिर नर उतरहिं पारा।'
Buxar, Buxar | Nov 29, 2026