
सिमरी में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार, झोपड़ी से 54 किलो गांजा बरामद; तस्करी के आरोप में साधु बाबा गिरफ्तार
- डुमरी बाईपास से आसपास के इलाकों तक फैले तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस, गिरफ्तार आरोपी पहले भी गांजे के साथ जा चुका है जेल
बक्सर । सिमरी थाना क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 54 किलो गांजा बरामद किया है। रविवार को रामपुर मठिया स्थित एक झोपड़ी में छापेमारी कर पुलिस ने गांजे की भारी खेप जब्त की। मौके से डुमरी निवासी मनोज कुमार कुँवर को गिरफ्तार किया गया। इतनी बड़ी मात्रा में गांजे की बरामदगी के बाद इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
प्रशिक्षु डीएसपी सह सिमरी थानाध्यक्ष मोनिका कुमारी के पदभार संभालने के बाद नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ इसे पहली बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। छापेमारी के दौरान सिमरी मजिस्ट्रेट सह आरओ राहुल कुमार भी मौजूद रहे।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मनोज कुमार कुँवर का गांजा तस्करी से पुराना संबंध रहा है। वर्ष 2022 में भी उसे 5 किलो 200 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूर्व में गिरफ्तारी के बावजूद कथित तौर पर दोबारा इस कारोबार में सक्रिय पाए जाने के बाद पुलिस अब उसके संपर्कों और तस्करी नेटवर्क की पड़ताल कर रही है।
रामपुर मठिया में लंबे समय से कारोबार की चर्चा :
रामपुर मठिया और आसपास के इलाकों में गांजे के अवैध कारोबार को लेकर लंबे समय से चर्चाएं होती रही हैं। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि इलाके में चोरी-छिपे नशे का कारोबार संचालित होता रहा है। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। 54 किलो गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस की निगरानी और सूचना तंत्र को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठने लगे हैं।
शराब तस्करी की शिकायतें भी, गश्ती बढ़ाने की मांग :
रामपुर मठिया, काजीपुर और खरहाटांड़ समेत आसपास के इलाकों में शराब के अवैध कारोबार की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, डुमरी बाईपास से बाइक के जरिए शराब की खेप विभिन्न इलाकों तक पहुंचाई जाती है। लोगों ने इन गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग की है।
एसडीपीओ भास्कर रंजन ने बताया कि छापेमारी में 54 किलो गांजा बरामद किया गया है और एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके तस्करी नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Buxar, Buxar | Nov 29, 2026