
मंदिर समिति अध्यक्ष से मारपीट के बाद बाबा कमलेश्वर नाथ मंदिर में तोड़फोड़, मूर्तियों पर लगे शीशे तोड़े,FIR दर्ज
- निरंजनपुर में दो दिनों के भीतर दो घटनाओं से बढ़ा विवाद, समिति ने औद्योगिक थाने में दिया आवेदन; आरोपितों पर कार्रवाई की मांग
बक्सर । औद्योगिक थाना क्षेत्र के निरंजनपुर बांध स्थित बाबा कमलेश्वर नाथ मंदिर में विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंदिर समिति के अध्यक्ष के साथ मारपीट की घटना के बाद अब मंदिर परिसर में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। भगवान की मूर्तियों पर लगे शीशे ईंट से मारकर तोड़ने का आरोप लगाया गया है। इस संबंध में मंदिर समिति के कोषाध्यक्ष मनीष वर्मा ने 28 नवंबर को औद्योगिक क्षेत्र थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
दिए गए आवेदन के अनुसार, 27 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे मंदिर के पुजारी के छोटे बेटे ने समिति के अध्यक्ष मृत्युंजय प्रताप सिंह को मंदिर में तोड़फोड़ की सूचना दी। इसके बाद समिति के सदस्य मंदिर पहुंचे तो मूर्तियों पर लगे शीशे क्षतिग्रस्त मिले। आवेदन में कमल किशोर राय और उनके परिवार के सदस्यों पर मंदिर परिसर में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया गया है।
बताया जाता है कि इससे पहले 26 नवंबर को मंदिर परिसर में लगे धार्मिक पोस्टर फाड़ने का विरोध करने पर समिति अध्यक्ष मृत्युंजय प्रताप सिंह के साथ मारपीट की गई थी। उनके आवेदन के मुताबिक, इस दौरान लोहे की रॉड से सिर पर हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गए थे। परिजनों ने उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया था। इस मामले में औद्योगिक क्षेत्र थाना कांड संख्या 238/26 के तहत 27 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है।
लगातार हुई दोनों घटनाओं के बाद मंदिर समिति ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं,पुलिस अब इस मामले की जांच में जुट गई है।
Buxar, Buxar | Nov 28, 2026