
पंचकोसी मेले में श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी माँ अहिल्या धाम जनसेवा समिति, निशुल्क स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर शुरू
महंत मधुसूदन रामानुज श्रीनिवास दास ने किया उद्घाटन, समिति अध्यक्ष बोले- गरीब कन्याओं के विवाह में भी हर साल करते हैं सहयोग
बक्सर । विश्वप्रसिद्ध पंचकोसी परिक्रमा मेले के अवसर पर माँ अहिल्या धाम जनसेवा समिति ट्रस्ट की ओर से अहिरौली में निशुल्क स्वास्थ्य एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर के माध्यम से मेले में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
शिविर का उद्घाटन अहिल्या गौतम धाम अहिरौली मठ के महंत श्री मधुसूदन रामानुज श्रीनिवास दास ने दीप प्रज्वलित करने के साथ फीता काटकर किया। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष विनोदानंद उर्फ मुनमुन चौबे ने कहा कि समिति सामाजिक सरोकारों के तहत लगातार सेवा कार्य करती रही है। हर साल गरीब कन्याओं के विवाह में सहयोग किया जाता है। वहीं, पंचकोसी मेले के अवसर पर भी सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं की सेवा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में श्रद्धालुओं की सुविधा और जरूरतमंदों की मदद करना समिति का प्रमुख उद्देश्य है।
कार्यक्रम में समाजसेवी जितेंद्र मिश्रा, वरिष्ठ कांग्रेस युवा नेता जयप्रकाश उपाध्याय, वार्ड पार्षद दिनेश कुमार, अभिमन्यु चौबे, वार्ड पार्षद बृजकिशोर उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में चिकित्सक, स्थानीय समाजसेवी, जनप्रतिनिधि एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।
Buxar, Buxar | Nov 29, 2026