माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को तेलडीहा मंदिर आगमन के मद्देनजर जिला प्रशासन, बांका द्वारा सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर व्यापक तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में आज जिला पदाधिकारी, बांका श्री अंशुल अग्रवाल ने तेलडीहा दुर्गा मंदिर एवं संबंधित स्थलों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के आगमन मार्ग, मंदिर परिसर, सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान सुरक्षा मानकों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा सभी व्यवस्थाएं ससमय पूर्ण रखी जाएं।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर निर्धारित स्थलों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, सुगम यातायात तथा विधि-व्यवस्था संधारण के लिए संबंधित पदाधिकारियों एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। विभिन्न पदाधिकारियों को उनके निर्धारित दायित्व सौंपे गए हैं, ताकि आगमन के दौरान सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं सुचारू रूप से संचालित हो सकें।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने निर्धारित स्थलों पर ससमय उपस्थित रहकर दायित्वों का निर्वहन करेंगे। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे तथा सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन से संबंधित व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सभी पदाधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया है।
46 views | Banka, Bihar | Oct 19, 2026