जब बुजुर्ग तीर्थयात्रा पर जाकर प्रसन्नता के साथ आशीर्वाद देते हैं, तो यह सरकार के लिए संतोष और सौभाग्य का विषय होता है - राज्यमंत्री श्री लोधी
==
दमोह से 479 तीर्थयात्रियों को लेकर जगन्नाथ पुरी रवाना हुई तीर्थ दर्शन ट्रेन
===
479 यात्रियों की सुरक्षित यात्रा के लिए चिकित्सक, अनुरक्षक और सुरक्षाकर्मी तैनात
===
जब बुजुर्ग तीर्थयात्रा पर जाकर प्रसन्नता के साथ आशीर्वाद देते हैं, तो यह सरकार के लिए संतोष और सौभाग्य का विषय होता है, प्रदेश सरकार बुजुर्ग माता-पिता को तीर्थ दर्शन कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस आशय के विचार प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत भगवान जगन्नाथ के दर्शन हेतु यात्रा पर जा रहे यात्रियो को पुष्पगुच्छ और माला पहनाकर सम्मान करते हुए व्यक्त किए। संस्कृति राज्यमंत्री ने सभी तीर्थयात्रियो को भगवान जगन्नाथ की यात्रा के लिए शुभकामनाऍ दी। उन्होने दमोह से जगन्नाथ पुरी के लिए विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत दमोह से 479 तीर्थयात्रियों को लेकर विशेष ट्रेन जगन्नाथ पुरी के लिए रवाना हुई। तीर्थयात्रियों की सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करने के लिए ट्रेन में 10 अनुरक्षक, एक चिकित्सक, एक सहायक तथा पांच सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था की गई है।
उन्होने कहा लगातार विभिन्न तीर्थस्थलों के लिए विशेष ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। सरकार बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराने का कार्य श्रवण कुमार की भावना के साथ कर रही है। वृद्धावस्था में तीर्थस्थलों के दर्शन करना अनेक लोगों की आकांक्षा होती है।
दमोह जिले का तीर्थ दर्शन कोटा बढ़ाकर 500 किया
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा पहले दमोह जिले के लिए तीर्थ दर्शन यात्रा का कोटा 150 यात्रियों का था, जिसे बढ़ाकर अब 500 कर दिया गया है। इससे जिले के अधिकाधिक श्रद्धालुओं को तीर्थ दर्शन का अवसर मिल रहा है। वर्तमान यात्रा में दमोह जिले से 479 यात्री जगन्नाथ पुरी के दर्शन के लिए रवाना हुए हैं।
अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन चलाने का प्रयास
श्री लोधी ने कहा अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के बाद भगवान श्री रामलला के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अयोध्या के लिए भी विशेष तीर्थ दर्शन ट्रेन चलाने का अनुरोध किया गया है। उन्होंने कहा जल्द ही अयोध्या के लिए विशेष ट्रेन की सौगात मिल सकती है, जिससे श्रद्धालु भगवान श्रीरामलला के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे।
उन्होंने कहा प्रदेश सरकार भविष्य में भी तीर्थ दर्शन यात्राओं को निरंतर जारी रखने के लिए प्रयासरत है, ताकि अधिक से अधिक बुजुर्गों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर मिल सके
11 views | Damoh, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026