मणिमहेश यात्रा में श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा, हेलीकॉप्टर सेवा शुरू
आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग प्रारंभ, अनधिकृत लिंक से टिकट बुक न करने की अपील
भरमौर। श्री मणिमहेश यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए हेलीकॉप्टर सेवा शुरू कर दी गई है तथा इसकी ऑनलाइन बुकिंग भी प्रारंभ हो गई है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा के मार्गदर्शन में प्रशासन द्वारा यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध करवाई जा रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि हेलीकॉप्टर सेवा के टिकट की ऑनलाइन बुकिंग केवल श्री मणिमहेश यात्रा की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही करें। श्रद्धालु https://manimaheshyatra.hp.gov.in पर जाकर बुकिंग एवं यात्रा से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालु किसी भी अनधिकृत वेबसाइट, फर्जी लिंक अथवा अन्य माध्यम से हेलीकॉप्टर टिकट की बुकिंग न करें। ऑनलाइन बुकिंग करने से पहले यात्रा से संबंधित नियमों, दिशा-निर्देशों और आवश्यक जानकारी को ध्यानपूर्वक पढ़ने की भी अपील की गई है।
प्रशासन का उद्देश्य श्री मणिमहेश यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा सुविधा उपलब्ध करवाना है।