गया के आमस में सड़क हादसा: अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला, 14 वर्षीय किशोर की मौत, चालक घायल
गयाजी: गया जिले के आमस थाना क्षेत्र के रामपुर ताराडीह गांव के समीप NH-19 पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को कुचल दिया, जिससे एक किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान औरंगाबाद जिले के मदनपुर थाना क्षेत्र के खिरियावां मोड़ निवासी मनोज शर्मा के 14 वर्षीय पुत्र रितिक कुमार के रूप में हुई है। वहीं घायल की पहचान नगवा गांव निवासी अनीश कुमार के रूप में हुई है।परिजनों के अनुसार, रितिक अपने फुफेरे भाई के साथ बाइक से मिठाई लेकर फुआ घर नगवा जा रहा था। इसी दौरान रामपुर ताराडीह के समीप NH-19 पर अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
रितिक अपने भाई-बहनों में सबसे छोटा था और आठवीं कक्षा का छात्र था। घटना के बाद घर में चीख-पुकार मच गई है। मां उषा देवी समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलते ही आमस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
#Gaya #BiharNews #RoadAccident #NH19 #BreakingNews #Madanpur