दूसरे प्रयास में मदनपुर के बेटी श्वेता ने मारी बाजी, बनीं जिला सांख्यिकी पदाधिकारी
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड के बड़ी एरकीकला गांव की बेटी 26 वर्षीय श्वेता कुमारी ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा में सफलता हासिल कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी के पद पर चयनित होकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे गांव और जिले का नाम रोशन कर दिया है। सोमवार की शाम परिणाम जारी होते ही गांव में खुशी की लहर दौड़ गई और लोग एक-दूसरे को बधाई देने लगे।
श्वेता की यह सफलता दूसरे प्रयास में मिली है। इससे पहले वह बीपीएससी के इंटरव्यू तक पहुंच चुकी थीं। वहीं, उन्होंने 71वीं बीपीएससी का मेंस भी निकाल लिया है। उनकी इस लगातार मेहनत और सफलता को लेकर पूरे इलाके में चर्चा हो रही है। बिहार की बेटी की यह सफलता महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन गई है।
शिक्षक परिवार से हैं श्वेता
श्वेता एक शिक्षक परिवार से आती हैं। उनके पिता शैलेश कुमार मेहता प्राथमिक विद्यालय सलूपरा में प्रधानाध्यापक हैं, जबकि माता निर्मला कुमारी मध्य विद्यालय एरकीकला में शिक्षिका हैं। उनके दादा भी शिक्षक के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। छोटे चाचा सतीश कुमार वर्मा रेलवे में टेक्नीशियन हैं, जबकि एक चाचा मृत्युंजय कुमार स्टेशन मास्टर हैं।
शैलेश कुमार की तीन बेटियां हैं, जिनमें सबसे बड़ी श्वेता कुमारी हैं। मंझली बहन अंशु वर्मा पटना साइंस कॉलेज से बॉटनी में बीएससी कर रही हैं, जबकि छोटी बहन अनु कुमार आईआईटी गुवाहाटी से पढ़ाई कर रही हैं।
ऐसा रहा शिक्षा का सफर
श्वेता की प्रारंभिक शिक्षा डीएवी औरंगाबाद से हुई। इसके बाद उन्होंने देव विष्णुपुर हाई स्कूल से मैट्रिक एवं इंटर प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुईं। यादव कॉलेज औरंगाबाद से ग्रेजुएशन तथा सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज औरंगाबाद से पीजी की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद पटना में रहकर बीपीएससी की तैयारी की और सफलता हासिल कर जिला सांख्यिकी पदाधिकारी बन गईं।
बधाई देने वालों का लगा तांता
श्वेता की सफलता पर जिला पार्षद शंकर यादवेंदु,एरकीकला पैक्स अध्यक्ष विजय कुमार मेहता, सामाजिक कार्यकर्ता मुंशी प्रसाद मेहता, अनिल कुमार मेहता, अजय कुमार शर्मा, मुखिया प्रतिनिधि कमलेश कुमार चौधरी,भाजपा के मंडल अध्यक्ष मिथलेश कुमारसहित अन्य लोगों ने हार्दिक बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
#Madanpur #Aurangabad #BiharNews #BPSC #SuccessStory #BiharDaughter #DistrictStatisticalOfficer