#भरतपुर। जिले के भुसावर थाना क्षेत्र के बरौली गांव निवासी 42 वर्षीय राकेश की इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद गुस्साए परिजन शव को लेकर देर रात भुसावर थाने पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। मृतक की पत्नी पुष्पा ने बताया कि उसके पति 9 नवंबर को बाइक से ससुराल मुखेना दवाई लेने गए थे, लेकिन वापस लौटते समय रास्ते में लापता हो गए, जिसके बाद 10 नवंबर की सुबह एक व्यक्ति ने उनके हाथ-पैर बंधे हुए खेत में पड़े होने का वीडियो भेजकर सूचना दी। पुलिस ने उन्हें पहले हलैना और फिर आरबीएम अस्पताल से गंभीर हालत में जयपुर के एसएमएस अस्पताल रेफर किया था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। भुसावर पुलिस ने बताया कि पत्नी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।