#भरतपुर। डीग जिले के कामां थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी और फर्जी नंबर प्लेट बनाकर बेचने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण जब्त किए हैं। जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर को मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में आसिफ निवासी नगला और जनीस निवासी नंदेरा को गिरफ्तार किया गया, जिनकी निशानदेही पर चोरी की बाइक बरामद हुई, जिसके इंजन और चेसिस नंबर से छेड़छाड़ की गई थी। इसके बाद 11 नवंबर को चोरी की बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने वाले अल्ताफ निवासी बदकली को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से लैपटॉप, रेडियम, कटर मशीन और रिवेट मशीन बरामद हुई। वहीं, इस मामले में चोरी के वाहन खरीदने-बेचने की मध्यस्थता करने वाले अरबाज उर्फ सल्लू निवासी नंदेरा को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया गया। पुलिस चारों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कुल कितनी मोटरसाइकिलें चुराई हैं और इन्हें किन-किन लोगों को बेचा गया है।