माला मानगढ़ में झोपड़ी पर गिरी आकाशीय बिजली, युवक की मौत; एक ही परिवार के 6 सदस्यों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
दमोह। जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के माला मानगढ़ गांव में आज शनिवार शाम करीब 5 बजे आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के दौरान एक झोपड़ी पर बिजली गिरने से उसमें मौजूद एक ही परिवार के सात लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से पहले नोहटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया। यहां डॉक्टरों ने 28 वर्षीय रतन पिता रामप्रसाद आदिवासी को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार जारी है।
परिजन कोदू सिंह ने बताया कि हादसे के समय परिवार के सभी सदस्य झोपड़ी के अंदर मौजूद थे। अचानक तेज धमाके के साथ बिजली गिरने से सभी लोग घायल हो गए। घायलों में मालती (14), मदन (18), उमा (5), रचना (24), जानकी (6) और वेदरानी (60) शामिल हैं।
ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर दिव्यांशु अवस्थी ने सभी घायलों का उपचार शुरू कराया। 108 एंबुलेंस के स्वास्थ्यकर्मियों ने रास्ते में घायलों को सीपीआर भी दिया, लेकिन रतन की जान नहीं बचाई जा सकी। शव को जिला अस्पताल की शवगृह में रखवाया गया है। जहां रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द किया जाएगा। घटना के बाद नोहटा पुलिस जिला अस्पताल पहुंची। जिन्होंने घायलों के बयान दर्ज कर घटना की विवेचना शुरू कर दी है।
Damoh, Damoh | Jun 27, 2026