#बालाघाट
ग्राम मंडई में ग्रामोद्योग विकास योजना की कार्यशाला आयोजित
कुम्हार, मधुमक्खी पालन सहित विभिन्न स्वरोजगार गतिविधियों के लिए हितग्राहियों से लिए आवेदन
मध्यप्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य श्री भगतसिंह नेताम की अध्यक्षता में 11 अगस्त को विकासखंड बिरसा के ग्राम मंडई में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारियों की उपस्थिति में ग्रामोद्योग विकास योजना (GVY) के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले हितग्राहियों से स्वरोजगार के लिए आवेदन लिए गए।
कार्यशाला में कुम्हार सशक्तिकरण योजना के तहत बिजली चलित चाक, मधुमक्खी पालन के लिए बी-बॉक्स, कागज-पत्ते की प्लेट एवं दोना निर्माण, अगरबत्ती निर्माण, लकड़ी के खिलौने निर्माण, पॉपकॉर्न निर्माण मशीन, फुटवेयर निर्माण मशीन, इलेक्ट्रीशियन-प्लंबर तथा सिलाई मशीन जैसी स्वरोजगार गतिविधियों की जानकारी दी गई। चयनित हितग्राहियों को संबंधित कार्य का प्रशिक्षण प्रदान करने के बाद स्वरोजगार स्थापित करने के लिए आवश्यक सामग्री एवं उपकरण निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे।
श्री नेताम ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के आह्वान तथा हस्तशिल्प एवं ग्रामोद्योग को बढ़ावा देने की दिशा में ऐसी योजनाएं ग्रामीण शिल्पकारों और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए रोजगार के नए अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। ग्राम स्तर पर स्वरोजगार के साधन उपलब्ध होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय हुनर को बाजार से जोड़ने में मदद मिलेगी।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#WelfareTribal
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 11, 2026