#बालाघाट
कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर हुई समीक्षा बैठक
विभागों को समय-सीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश
आगामी कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर मंगलवार 11 अगस्त को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुमार सत्यम की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कॉन्फ्रेंस के लिए निर्धारित बिंदुओं, विभागीय योजनाओं की प्रगति, लक्ष्यों की स्थिति तथा लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सत्यम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करें और निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करना सुनिश्चित करें।
शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक दक्षता को मजबूत करने के लिए FLN (बुनियादी साक्षरता एवं संख्याज्ञान) पर विशेष फोकस करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी का नियमित मासिक असेसमेंट किया जाए, जिससे उसकी शैक्षणिक प्रगति का समय-समय पर आकलन हो सके। कमजोर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को चिन्हित कर उनके लिए आवश्यक सुधारात्मक प्रयास करने के साथ ही शिक्षकों के प्रदर्शन की भी समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों की APAAR ID पूर्ण कराने के कार्य में भी तेजी लाने पर जोर दिया।
महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन आंगनवाड़ी भवनों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण निर्धारित लक्ष्य एवं समय-सीमा से पहले पूर्ण कराया जाए। निर्माण कार्यों की लगातार निगरानी करने तथा प्रत्येक 2-3 दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।
कलेक्टर श्री सत्यम ने कहा कि आगामी कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस को ध्यान में रखते हुए सभी विभाग अपनी योजनाओं, उपलब्धियों, लक्ष्यों और लंबित कार्यों से संबंधित जानकारी अद्यतन रखें। उन्होंने अधिकारियों से विभागीय कार्यों में गति लाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित समय-सीमा में परिणाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक सराफ, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, श्री एमआर कोल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #MP_WCDMP #schooledump #WelfareTribal