#बालाघाट
लांजी में खरीफ सीजन में खाद की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की समीक्षा
एसडीएम कमलचंद सिंहसार ने समितियों को दिए पारदर्शी एवं नियमानुसार खाद वितरण के निर्देश
खरीफ 2026-27 में किसानों को पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराने एवं वितरण व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से 11 अगस्त को अनुविभागीय कृषि अधिकारी कार्यालय लांजी में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुविभागीय अधिकारी राजस्व लांजी श्री कमलचंद सिंहसार ने की। बैठक में कृषि विभाग, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधक एवं खाद प्रभारी तथा मध्यप्रदेश राज्य विपणन संघ मर्यादित लांजी के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में एसडीएम द्वारा सभी समितियों में खरीफ 2026-27 के लिए उर्वरक के भंडारण, उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी लांजी श्री कुलदीप गनवीर ने समिति प्रबंधकों से उनकी कुल भंडारण क्षमता, वर्तमान भंडारण, अतिरिक्त गोदाम की उपलब्धता, समिति में पंजीकृत किसानों की संख्या तथा उर्वरक प्राप्त करने के लिए शेष किसानों की जानकारी समिति वार ली। साथ ही खरीफ वर्ष 2025-26 में वितरित किए गए उर्वरक की उर्वरकवार समीक्षा की गई।
एसडीएम श्री सिंहसार ने निर्देश दिए कि किसानों को उनकी भूमि एवं उपलब्ध पट्टी के आधार पर नियमानुसार खाद का वितरण किया जाए। किसी भी समिति में उर्वरक वितरण को लेकर किसी प्रकार की अनियमितता नहीं होनी चाहिए। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने समिति प्रबंधकों को ई-विकास पोर्टल पर ऑफलाइन विक्रय किए गए उर्वरक की ऑनलाइन एंट्री करने तथा आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। बैठक में समितियों से उनकी आवश्यकता के अनुसार उर्वरक की उर्वरकवार मांग भी प्राप्त की गई और समितियों की समस्याओं पर चर्चा कर उनके निराकरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डबल लॉग प्रभारी श्री मायाराम बैगा द्वारा गोदाम में वर्तमान में उपलब्ध उर्वरक की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने खरीफ सीजन के दौरान किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#minmpkrishi