उपनगर पुर में टूटी नालियों से रिस रहा गंदा पानी, मकानों की नींव पर मंडरा रहा खतरा
भीलवाड़ा :भेरू लाल माली
उपनगर पुर के वार्ड संख्या 3 स्थित माली मोहल्ला शिव मंदिर क्षेत्र में टूटी हुई नालियां स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर समस्या बन गई हैं। नालियों के क्षतिग्रस्त होने के कारण गंदा पानी सड़कों और आसपास की जमीन में लगातार रिस रहा है, जिससे मकानों की नींव प्रभावित हो रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि नालियों की लंबे समय से मरम्मत नहीं होने के कारण गंदा पानी सीधे जमीन में समा रहा है। इससे कई मकानों की नींव कमजोर होने लगी है और भविष्य में मकानों के क्षतिग्रस्त होने या गिरने का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार नगर निगम प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। बारिश के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिससे क्षेत्र में गंदगी और जलभराव की समस्या भी बढ़ जाती है।
वार्डवासियों ने नगर निगम से टूटी नालियों की तत्काल मरम्मत करवाने, जल निकासी की उचित व्यवस्था करने तथा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।