आसीन्द में खाद्य सुरक्षा महकमा की बड़ी कार्रवाई
100 किलो संदिग्ध मिर्च पाउडर सीज, लाल मिर्च, आयोडाइज्ड नमक और सरसों तेल के नमूने जांच को भेजे
भीलवाड़ा (महेन्द्र नागौरी) जिले में खाद्य पदार्थों में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग ने आसीन्द में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक प्रतिष्ठान से करीब 100 किलोग्राम संदिग्ध लाल मिर्च पाउडर सीज कर दिया। इसके अलावा लाल मिर्च पाउडर, आयोडाइज्ड नमक और कच्ची घानी सरसों तेल के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजे गए हैं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि जिला कलक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देश पर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने तथा मिलावटखोरों पर शिकंजा कसने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा विशेष सैंपलिंग एवं निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आसीन्द क्षेत्र के तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
संदिग्ध गुणवत्ता मिलने पर 100 किलो मिर्च पाउडर किया सीज
खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक यादव के नेतृत्व में टीम ने मैसर्स विनोद साहू, आसीन्द से लाल मिर्च पाउडर का नमूना लिया। निरीक्षण के दौरान मिर्च पाउडर की गुणवत्ता संदिग्ध पाए जाने पर करीब 100 किलोग्राम लाल मिर्च पाउडर को मौके पर ही सीज कर दिया गया। जांच रिपोर्ट आने तक इसके विक्रय और उपयोग पर रोक लगा दी गई है।
नमक और सरसों तेल के भी लिए नमूने
अभियान के दौरान मैसर्स राजस्थान किराना स्टोर से आयोडाइज्ड नमक तथा मैसर्स बालाजी सेल्स से कच्ची घानी सरसों तेल के नमूने भी लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला, अजमेर भेजा गया है।
रिपोर्ट के आधार पर होगी सख्त कार्रवाई
सीएमएचओ डॉ. शर्मा ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य पदार्थ मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से अपील की कि खाद्य सामग्री हमेशा विश्वसनीय प्रतिष्ठानों से ही खरीदें और मिलावट या संदिग्ध खाद्य पदार्थ की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।