विधि महाविद्यालय में अमृत हरित महा अभियान के तहत 1500 पौधे रोपे
________________
‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने का दिया संदेश
________________
फलदार एवं औषधीय पौधों के संरक्षण का लिया संकल्प
________________
खरगोन 31 अगस्त 2026। शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘अमृत हरित महा अभियान 2026’ के अंतर्गत वृहद पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय प्रबंधन एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय परिसर में कुल 1500 पौधों का रोपण किया गया।
अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रजातियों के फलदार एवं औषधीय पौधे लगाए गए। कार्यक्रम संयोजक तृप्ति सोनी के मार्गदर्शन एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। वन विभाग की ओर से रेंजर श्री सैयद आसिफ अली का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के दौरान संयोजक तृप्ति सोनी ने प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि माँ के प्रति कृतज्ञता और प्रकृति के प्रति दायित्व को एक साथ निभाते हुए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी माँ के नाम पर एक पौधा लगाकर उसकी संतान की तरह देखभाल करनी चाहिए।
प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने रोपे गए पौधों के नियमित संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। वहीं रेंजर श्री सैयद आसिफ अली ने फलदार एवं औषधीय पौधों के पर्यावरणीय और स्वास्थ्य संबंधी महत्व की जानकारी दी।
इस अवसर पर महाविद्यालय का शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ, वन विभाग की टीम तथा बड़ी संख्या में विधि छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone