#विद्यार्थियों के प्रशिक्षण में मददगार होगा मैनिकिन, इनर व्हील क्लब ने किया दान
शिमला। इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला की ओर से द मॉल स्थित वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर के सिलाई विभाग को एक मैनिकिन (Mannequin) भेंट किया गया। इस अवसर पर विभाग की शिक्षिकाएं श्रीमती रुमली और श्रीमती वीना मौजूद रहीं।
मैनिकिन दान करने का मुख्य उद्देश्य सिलाई एवं परिधान निर्माण का प्रशिक्षण ले रहे विद्यार्थियों को बेहतर तरीके से अभ्यास का अवसर उपलब्ध करवाना है। इसके माध्यम से विद्यार्थी फिटिंग, ड्रेपिंग और गारमेंट कंस्ट्रक्शन जैसी तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास कर सकेंगे। इससे उनके कौशल में निखार आने के साथ-साथ उन्हें परिधान तैयार करने की बारीकियां सीखने में भी मदद मिलेगी।
इस मैनिकिन को इनर व्हील क्लब की सदस्य श्रीमती तरनजीत कौर भोगल ने प्रायोजित किया। क्लब की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत किए जा रहे इस प्रयास को विद्यार्थियों के व्यावसायिक प्रशिक्षण को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
इस प्रोजेक्ट के दौरान इनर व्हील क्लब ऑफ शिमला की अध्यक्ष डॉ. कुशा पंडित चावला, संयुक्त सचिव श्रीमती प्रियंका वत्स, कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती नमिता नाग तथा क्लब सदस्य श्रीमती तरनजीत कौर भोगल उपस्थित रहीं।