बागनधार माइन हादसा: चालक सहित दो शव बरामद, तीसरे की तलाश जारी।
रविदत्त भारद्वाज।।
सिरमौर। कमरऊ तहसील के बागनधार की भीमगोडा चूना पत्थर खदान में हुए भूस्खलन के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन दूसरे दिन भी जारी है। हादसे में मलबे की चपेट में आए तीन लोगों में से अब चालक सहित दो शव बरामद हो चुके हैं। मृतकों में बड़वास निवासी चालक अनिल कुमार की पहचान हुई है, जबकि दूसरे शव की पहचान धन सिंह, निवासी नेपाल के रूप में हुई है।
हादसे में दो डंपर और एक एलएनटी मशीन भारी मलबे में दब गई थी। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों की टीमें लगातार मलबा हटाकर तीसरे लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी हैं।
खराब मौसम, बारिश और लगातार खिसकते मलबे के कारण रेस्क्यू टीम को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा समेत प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर अभियान की निगरानी कर रहे हैं।
प्रशासन का कहना है कि सभी लापता लोगों की तलाश पूरी होने तक रेस्क्यू ऑपरेशन जारी रहेगा।
न्यूज टुडे हिमाचल ब्यूरो