राजगढ़ अस्पताल से रेफर गर्भवती महिला ने 108 एंबुलेंस में दिया बच्चे को जन्म
राजगढ़, सिरमौर। सिविल अस्पताल राजगढ़ से सोलन रेफर की गई गर्भवती महिला ने अस्पताल से कुछ ही दूरी पर 108 एंबुलेंस में बच्चे को जन्म दे दिया। सब्जी मंडी के पास प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस में तैनात ईएमटी ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित प्रसव करवाया। जच्चा और बच्चा दोनों को बाद में अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना के बाद महिला को रेफर करने की प्रक्रिया पर सवाल उठे हैं। मामले की जांच के लिए बीएमओ राजगढ़ उपासना शर्मा ने कमेटी गठित कर दी है। कमेटी यह जांच करेगी कि महिला को किन परिस्थितियों में सोलन रेफर किया गया और क्या रेफरल के दौरान चिकित्सकीय प्रोटोकॉल का पालन हुआ।
बीएमओ ने यह भी बताया कि सिविल अस्पताल राजगढ़ में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू हो चुकी है, जहां गर्भवती महिलाओं समेत अन्य मरीजों के भी अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं।
अब सभी की नजर जांच कमेटी की रिपोर्ट पर है, जिससे स्पष्ट होगा कि रेफर करने का निर्णय चिकित्सकीय रूप से उचित था या कहीं लापरवाही हुई।
न्यूज टुडे हिमाचल के लिए राजगढ़ से रवि दत्त भारद्वाज की रिपोर्ट।