*आपसी समन्वय बनाकर जिला को अग्रणी बनाएं पदाधिकारी*
*जन समस्याओं के समाधान से लेकर जिले के विकास कार्यों में तेजी आई है* - राधामोहन सिंह
पूर्वी चंपारण समाहरणालय मोतिहारी स्थित डॉ राधाकृष्णन सभागार में जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा)की बैठक की अध्यक्षता करते हुए माननीय सांसद,पूर्वी चंपारण, श्री राधा मोहन सिंह ने कहा कि जिले में विकास के कार्यों को गति मिली है। जिले के प्रशासनिक पदाधिकारी एवं कार्य विभाग अभियंता आपसी समन्वय के साथ योजनाओं को सही ढंग से धरातल पर उतरने में अपनी भूमिका निभाई और निर्धारित समय अवधि में योजनाओं को पूर्ण कराएं ताकि उसका लाभ आमजन को समय से मिल सके।
समीक्षा बैठक में माननीय ससद पश्चिमी चंपारण डॉ संजय जायसवाल, माननीय विधायक श्री प्रमोद कुमार,श्री राणा रणधीर,श्री कृष्ण नंदन पासवान,श्री श्याम बाबू प्रसाद यादव,श्री सचिंद्र प्रसाद सिंह,श्री राजू तिवारी ,श्री राजेश कुमार उर्फ बबलू गुप्ता,श्री विशाल साह, माननीय विधान पार्षद डॉ खालिद अनवर, अध्यक्ष जिला परिषद श्रीमती ममता राय, उप महापौर श्री लालबाबू प्रसाद गुप्ता, मुख्य पार्षद नगर परिषद उपस्थित थे। बैठक में जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव, पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात, अपर समाहर्ता श्री मुकेश कुमार सिंहा, उप विकास आयुक्त डॉ प्रदीप कुमार सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं कार्य विभाग के सभी कार्यपालक अभियंता उपस्थित थे।
बैठक के प्रारंभ में जिलाधिकारी के द्वारा सभी सम्मानित अतिथिगण का स्वागत किया गया तत्पश्चात बैठक की कार्रवाई प्रारंभ हुई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप विकास आयुक्त के द्वारा जिले में चल रहे विकास के कार्यों को पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से एक-एक कर बताया गया।
ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण योजनाओं बताया गया कि मनरेगा अंतर्गत कुल 402368 जॉब कार्ड निर्गत है,जो सक्रिय हैं। जिला में माह सितम्बर 2026 तक 2128422 मानव दिवस का सृजन किया गया है।
जिला के पंचायतों में खेल मैदान के निर्माण के लक्ष्य के विरुद्ध 308 जगह खेल मैदान को पूर्ण कराया गया है। पूर्वी चंपारण जिला में फेज वन के अंतर्गत कुल 32 ग्रामीण हाट के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है जिसकी प्रक्रिया चल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण)अंतर्गत 25-26 में ली गई योजना में 33086 मकान को पूर्ण कराया गया है और हाल ही में कार्यक्रम का आयोजन कर मकान की चाबी लाभुकों को सौंप गई है।
सामाजिक सुरक्षा अंतर्गत दिए जा रहे पेंशन योजना की जानकारी देते हुए उप विकास आयुक्त ने कहा कि पूर्वी चंपारण जिला पूरे बिहार में पहले स्थान पर खड़ा है।इस जिला में 469881 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना के तहत 28 लाख परिवारों को उज्ज्वला का कनेक्शन दिया गया है। अन्य सभी विभागों की योजनाओं के प्रगति की समीक्षा की गई।
आज की बैठक में माननीय सांसद के द्वारा पूर्व की बैठक में माननीय सदस्य गण की तरफ से आए प्रश्न और उसके जवाब में विभागीय पदाधिकारी द्वारा दिए गए प्रतिवेदन की समीक्षा की गई।
इसके पश्चात उपस्थित सभी विधायक गण, विधान पार्षद गण एवं समिति के अन्य सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्या एवं विकास से संबंधित मांगों को रखा और इसकी सूची उपलब्ध कराई।
इस अवसर पर माननीय सांसद महोदय ने कहा कि बिजली के अवैध कनेक्शन की नियमित रूप से जांच की जाए। ट्रांसफार्मर पर अचानक लोड बढ़ने से समस्याएं उत्पन्न हो रही है। सीमावर्ती क्षेत्रों में खाद की कालाबाजारी पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर निर्देश दिया गया। माननीय सांसद ने कहा कि नैनो यूरिया को प्रोत्साहित किया जाए ताकि किसान इसका इस्तेमाल करें। धनौती नदी से जलकुंभी को हटाने और हरसिद्धि के गांधी घाट के आसपास पर्यटन की संभावना को लेकर पर्यटन शाखा की तरफ से एक प्रस्ताव तैयार किया जाए। माननीय सांसद ने कहा कि अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर की तरफ जाने वाली सभी सड़के चौड़ी होगी और एक माह में इससे संबंधित टेंडर निकल जाएगा। मॉडल स्कूल के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों को आगे आने का आह्वान किया गया। जिला में नव स्थापित डिग्री कॉलेज के लिए जमीन की उपलब्धता को लेकर चर्चा हुई।
माननीय सांसद महोदय ने जिला प्रशासन के द्वारा सहयोग शिविर के सफल आयोजन एवं 80 प्रतिशत से अधिक समस्याओं के समाधान पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविर के माध्यम से जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान हो रहा है यह स्वागत योग्य है। इस कार्यक्रम से प्रशासन अधिक जवाबदेह बना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि आज की बैठक में जो भी निर्णय लिया गया है और जिन समस्याओं के बारे में माननीय जनप्रतिनिधि गण के द्वारा बताया गया है उस पर तत्परता के साथ कार्रवाई करने के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारी को निर्देश दिया जाएगा एवं इन सभी बिंदुओं पर कृत कार्रवाई से संबंधित प्रतिवेदन माननीय सदस्य गण को उपलब्ध कराया जाएगा।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar