*विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर पोर्टल’ का शुभारंभ*
विद्यार्थियों एवं छात्रावास में रहने वाले छात्रों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से बिहार सरकार द्वारा ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर पोर्टल’ का ऑनलाइन शुभारंभ किया गया। मंगलवार, 25 अगस्त को आयोजित कार्यक्रम के अवसर पर पूर्वी चंपारण के जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव एवं सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार सिंह ने आरोग्य भवन, जिला स्वास्थ्य समिति परिसर, सदर अस्पताल में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान उपस्थित एएनएमएम/जीएनएम छात्र-छात्राओं से उनके पठन-पाठन, छात्रावास में मिलने वाली सुविधाओं और अन्य समस्याओं को लेकर विस्तार से जानकारी ली गई। छात्रों ने छात्रावास में भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, पानी की सुविधा, शौचालय सहित विभिन्न समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। छात्राओं द्वारा छात्रावास में कुछ मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायत भी की गई। वहीं, मेस में उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं खाना बनाने वाले कर्मियों की स्वच्छता को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई।शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। छात्रावासों में पानी की बेहतर व्यवस्था के लिए वाटर प्यूरिफायर मशीन, पुरुष एवं महिला छात्रावास में एक-एक चापाकल तथा जनरेटर लगाने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही छात्रावास के बाहर साफ-सफाई नगर निगम एवं संबंधित एजेंसी के माध्यम से कराने तथा स्थानीय स्तर पर वाटर प्यूरिफायर मशीन की मरम्मत, सभी नल-टंकी आदि की साफ-सफाई एवं मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक ठाकुर विश्वमोहन, जिला योजना समन्वयक भारत भूषण, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अमानुल्लाह, एफएलसी सह प्रभारी जिला लेखा प्रबंधक आशीष कुमार, जिला आंकड़ा सहायक अवधेश कुमार सहित जिला स्वास्थ्य समिति के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department Bihar Health Department
2 views | East Champaran, Bihar | Aug 25, 2026