सचिव, सिविल विमानन विभाग, बिहार से प्राप्त पत्र के आलोक में आज दिनांक 21.08.2026 को रक्सौल हवाई अड्डे के संचालन के लिए यात्री क्षमता और सुविधाओं (ट्रैफिक पोटेंशियल स्टडी) को लेकर जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव की अध्यक्षता में पूर्वी चंपारण समाहरणालय मोतिहारी स्थित डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण मुख्यालय नई दिल्ली एवं कोलकाता एयरपोर्ट के सहायक महाप्रबंधक सहित सभी हितधारक उपस्थित थे।
बैठक में उपस्थित कुमार आशीष,सहायक महाप्रबंधक, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, नई दिल्ली के द्वारा बताया गया कि रक्सौल एयरपोर्ट के विकास के संबंध में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण द्वारा वहां के ट्रैफिक आकलन का समुचित अध्ययन कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण के सर्वे का कार्य कर लिया गया है। अब द्वितीय चरण के सर्वे का कार्य चल रहा है, जिसके अंतर्गत एयरपोर्ट, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, प्रमुख राजमार्गों आदि स्थलों का सर्वे किया जा रहा है। सर्वे का मुख्य उद्देश्य रक्सौल हवाई अड्डे के कैचमेंट क्षेत्र के लिए उद्योग, पर्यटन, रेलवे, आईसीपी, सड़क परिवहन, शिक्षा,उद्योग और वाणिज्य निकाय,बस ऑपरेटर, वाल्मीकि टाइगर रिजर्व सहित अन्य पर्यटन स्थल और अन्य संबंधित हितधारकों से समुचित जानकारी एवं डेटा संग्रह किया जाना है।
आज की बैठक में उप विकास आयुक्त, परियोजना निदेशक एनएचएआई, समादेष्टा 47 वी वाहिनी सशस्त्र सीमा बल रक्सौल, समादेष्टा 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल पिपराकोठी, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, प्रभारी पदाधिकारी जिला पर्यटन शाखा, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी,राज्य कर संयुक्त आयुक्त मोतिहारी और रक्सौल, कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद रक्सौल, महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि, स्टेशन अधीक्षक बापूधाम रेलवे स्टेशन मोतिहारी, प्रबंधक आईसीपी रक्सौल, बिहार राज्य पथ परिवहन निगम लिमिटेड मोतिहारी प्रतिष्ठान अधीक्षक, अध्यक्ष चैंबर आफ कमर्स एंड इंडस्ट्रीज पूर्वी चंपारण एवं इसके सदस्य गण, अध्यक्ष एवं सचिव बस ऑनर संगठन पूर्वी चंपारण उपस्थित थे।
आज की बैठक में रक्सौल हवाई अड्डा के लिए यात्री क्षमता और सुविधाओं तथा माल ढुलाई(कार्गो) की संभावनाओं पर व्यापक विमर्श किया गया। इस दौरान यात्री सुविधा, भविष्य की जरूरतें, संभावित यात्री की संख्या तथा माल ढुलाई (कार्गो) की संभावना का आकलन किया गया।
बैठक में सभी हितधारकों ने अपने विचार रखे और एक स्वर से बताया कि बेहतर हवाई संपर्क से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और निवेश को गति मिलेगी और इस क्षेत्र का समुचित विकास होने के साथ-साथ क्षेत्र आर्थिक गतिविधि को बढ़ावा मिलेगा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि रक्सौल एयरपोर्ट के विकास के लिए जिला प्रशासन से जो भी अपेक्षा होगी, जिला प्रशासन तत्परता के साथ सहयोग करेगा। बैठक के अंत में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण से आए पदाधिकारीगण ने पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन के इस सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar