• आनिमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान का हुआ शुभारंभ: सिविल सर्जन
• 25 अगस्त से 30 नवम्बर तक चलेगा विशेष अभियान: उपाधीक्षक, सदर अस्पताल मोतिहारी
मोतिहारी, 25 अगस्त 2026
आनिमिया मुक्त भारत कार्यक्रम के अंतर्गत “आनिमिया मुक्त बिहार विशेष अभियान” का शुभारंभ माननीय मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा 25 अगस्त 2026 को दोपहर 3 बजे किया गया। इस अवसर पर पूर्वी चम्पारण जिले में सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार की अध्यक्षता में सदर अस्पताल, मोतिहारी में विशेष अभियान का आयोजन किया गया।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर सदर अस्पताल में 147 गर्भवती महिलाओं, 55 किशोरियों एवं 40 महिलाओं सहित कुल 242 लाभार्थियों के हीमोग्लोबिन की जांच की गई। जांच के दौरान एनीमिया से ग्रसित लाभार्थियों को आवश्यक उपचार एवं पोषण संबंधी परामर्श प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. दिलीप कुमार ने बताया कि आनिमिया मुक्त भारत कार्यक्रम वर्ष 2019 से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के तहत 6 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को आयरन सिरप, 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों को आयरन की गुलाबी गोली, 10 से 19 वर्ष तक के किशोर-किशोरियों को आयरन की नीली गोली तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आयरन की लाल गोली उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने बताया कि 25 अगस्त से 30 नवम्बर 2026 तक चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान सभी लक्षित आयु वर्ग के लाभार्थियों की हीमोग्लोबिन जांच की जाएगी। एनीमिया से पीड़ित लाभार्थियों को आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें संतुलित आहार, पोषण एवं एनीमिया की रोकथाम से संबंधित परामर्श भी दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जिले में एनीमिया की पहचान, उपचार एवं रोकथाम को प्रभावी बनाते हुए स्वस्थ एवं सशक्त समुदाय का निर्माण करना है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. एस. एन. सत्यार्थी ने कहा कि एनीमिया की समय पर पहचान और उपचार अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी लक्षित लाभार्थियों से अपील की कि वे अपने नजदीकी स्वास्थ्य संस्थान पर जाकर हीमोग्लोबिन की जांच कराएं तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही आयरन एवं फोलिक एसिड की दवाओं का नियमित सेवन करें। स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले के सभी लक्षित लाभार्थियों से अपील की गई कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और समय पर अपनी हीमोग्लोबिन जांच कराकर एनीमिया की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करें।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर डॉ. पंकज कुमार, डॉ. प्रीति गुप्ता, डॉ. मुकेश कुमार, जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अमानुल्लाह अमन, अस्पताल प्रबंधक कौशल दुबे, ए.एन.एम. स्कूल के प्राचार्य संतोष तालिकोटी सहित स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पिरामल स्वास्थ्य एवं PSI India के जिला प्रतिनिधियों ने भी सहयोग एवं सहभागिता की।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Health Department
1 views | East Champaran, Bihar | Aug 25, 2026