कांग्रेस की रैली से गैरहाजिरी पड़ी भारी,झारखंड युवा कांग्रेस के 32 पदाधिकारी सस्पेंड
दिल्ली की वोट चोरी महारैली में शामिल नहीं होने पर गिरी गाज,मध्य प्रदेश,हिमाचल और हरियाणा में भी हुई कार्रवाई
दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की ‘वोट बचाओ-देश बचाओ महारैली’ में शामिल नहीं होना युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों को भारी पड़ गया। रैली से गैरहाजिर रहने पर झारखंड युवा कांग्रेस के 32 पदाधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसी कड़ी में मध्य प्रदेश,हिमाचल प्रदेश और हरियाणा युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। मध्य प्रदेश के 60,हिमाचल प्रदेश के 13 और हरियाणा के 10 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। इस कार्रवाई के बाद युवा कांग्रेस के संगठनात्मक हलकों में हलचल तेज हो गई है। कुल चार राज्यों के 115 पदाधिकारियों पर कार्रवाई की गई है।