बोकारो में छठ महापर्व की तैयारी तेज, डीसी-एसपी ने किया घाटों का निरीक्षण
आस्था के महापर्व छठ को लेकर बोकारो जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में है। छठव्रतियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने चास और बोकारो स्टील सिटी के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान कहीं सफाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए, तो कहीं लापरवाही पर अधिकारियों को नाराजगी का सामना करना पड़ा।
बोकारो में छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीणा ने विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कूलिंग पॉन्ड में सफाई शुरू नहीं होने पर उपायुक्त ने नाराजगी जताते हुए बीएसएल प्रबंधन को दिवाली से पहले कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।
वहीं, गरगा नदी घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं का जायजा लिया गया।
डीसी ने 10 नवंबर से पहले घाटों की सफाई, मरम्मत, निर्माण और प्रकाश व्यवस्था पूरी करने को कहा।
सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों की तैनाती, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस और मिनी कंट्रोल रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छठव्रतियों की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभागों को समन्वय बनाकर समय पर तैयारियां पूरी करनी होंगी।