मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को पात्रतानुसार सेवाएं उपलब्ध कराना-कलेक्टर श्री साकेत मालवीय
ग्राम पंचायत कजराई में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर आयोजित
--
मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को पात्रतानुसार शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को उपलब्ध कराना है। जिससे जनता के मन में शासन के प्रति विश्वास परिपक्व होता है। इस आशय के विचार कलेक्टर श्री साकेत मालवीय ने शुक्रवार को जनपद पंचायत अशोकनगर के ग्राम पंचायत कजराई में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में व्यक्त किये।
शिविर में कलेक्टर श्री मालवीय ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार प्रति सप्ताह जिले के विकासखण्ड में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिले के विकासखण्ड मुंगावली एवं चंदेरीमें शिविरों का आयोजन किया जा चुका है। विकासखण्ड अशोकनगर में यह शिविर आज शुक्रवार को ग्राम कजराई में आयोजित किया गया। शिविरों के माध्यम से आमजन को हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ प्राप्त हो रहा है। आवेदनों का समय सीमा में निपटारा किया जा रहा है। आमजन के लिए मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर उपयोगी साबित हो रे हैं। अभी तक तीनों शिविरों के माध्यम से 2136 शिकायतों का शत प्रतिशत निराकरण विभागीय अधिकारियों के माध्यम से कराया गया है। इन अवधि में विभागों में लंबित सीएम हेल्पलाइन,लोक सेवा गारंटी के समय सीमा के प्रकरण तथा विभागों में विभिन्न प्लेटफार्म पर लंबित आवेदनों का निराकरण किया गया। उन्होंने कहा कि उद्यम संवाद के माध्यम से युवाओं को उद्यम एवं स्वरोजगार स्थापित करने हेतु प्रेरित कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोकनगर श्री जजपाल सिंह जज्जी ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.मोहन यादव के नेतृत्व में जिलों में मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शिविरों का आयोजन प्रत्येक शुक्रवार को कराया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण कराया जा रहा है।
हितग्राहियों को शासकीय सेवाओं एवं हितलाभ का वितरण
कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा राजस्व विभाग के माध्यम से लालजीराम अहिरवार,यशपाल यादव एवं हरिराम सेन को फौती नामांतरण,धर्मेन्द्र यादव को नामांतरण के प्रमाण पत्र वितरित किये गये।इसी प्रकार जनपद पंचायत द्वारा कलाबाई,किशन जाटव एवं बाबूलाल को वृद्धावस्था पेंशन,पार्वती बाई को कल्याणी पेंशन के स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। स्वास्थ्य विभाग द्वारा अनुराधा,अनुज,ग्यारसी बाई एवं नीलम बाई को आयुष्मान कार्ड का वितरण किया गया। साथ ही आर्यस,प्रियांश सेन को जन्म प्रमाण पत्र,चांदनी,प्रीति अहिरवार,कृष्णा,राधिका,राजपाल एवं उमा को जजनी सुरक्षा के अंतर्गत 1400 रूपये के स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम में शालिगराम को कान की मशीन,वृंदावन राजपूत को सीएम हेल्पलाइन की शिकायत के निराकरण संबंधी पत्र प्रदान किया गया है। विद्युत विभाग द्वारा शालिग सेन,बृजेश अहिरवार को पम्प कनेक्शन के लिए 05 रूपये में विद्युत कनेक्शन की स्वीकृति प्रदान की गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री राजेश जैन, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती शीलत कलावत,श्रीमती शीला जाटव, एसडीएम अशोकनगर श्री इसरार खान,मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री शैलेन्द्र यादव, श्री सतेन्द्र कलावत,सरपंच कल्पना कलावत सहित बडी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
#JanVishwasAbhiyan2026
#हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम
#AshokNagar