कोटा में कैब ड्राइवर पर जानलेवा हमले के मामले में दो गिरफ्तार, एक नाबालिग निरुद्ध
मुख्य आरोपी सुरेश मीणा ने बीस हजार रुपए की सुपारी देकर करवाई थी वारदात
कोटा के आरकेपुरम थाना पुलिस ने कैब ड्राइवर पर हुए जानलेवा हमले के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी निरुद्ध किया गया है। प्रारम्भिक पूछताछ में सामने आया कि वारदात के पीछे पत्नी को भगाकर ले जाने की पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुरेश मीणा ने करीब छह महीने पहले अपनी पत्नी को भगाकर ले जाने की रंजिश में कैब ड्राइवर विजेन्द्र पर हमला करवाने के लिए 20 हजार रुपये की सुपारी दी थी। 1 सितंबर की शाम रावतभाटा जाने की बुकिंग के बहाने शिवपुरा से कैब बुक की गई। इसके बाद बोराबास के पास आरोपियों ने ड्राइवर विजेन्द्र के गले में रस्सी डालकर उसे काबू किया और चाकू से उस पर 8 से 10 वार किए। हमले में ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले की जांच के बाद आरके पुरम थाना पुलिस ने दीपू उर्फ दिगम्बर सिंह और नरेन्द्र मीणा को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है। पुलिस अब वारदात के मुख्य आरोपी सुरेश मीणा की तलाश में जुटी है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
Sangod, Kota | Sep 20, 2026