कोटा के कैथून क्षेत्र में रेस्टोरेंट व बीयरबार मे युवकों ने की जमकर तोड़फोड़
टेबल पर बैठने की बात को लेकर हुआ था विवाद, मारपीट और चाकूबाजी भी
केथून थाना क्षेत्र के जगन्नाथपुर इलाके में स्थित एक रेस्टोरेंट और बीयर बार में विवाद के बाद हथियारों से लैस युवकों ने जमकर तोड़फोड़ कर दी। पूरी घटना रेस्टोरेंट में लगे सीसी टीवी कैमरों में कैद हो गई। फुटेज में चार युवक गेट तोड़कर अंदर घुसते और बीयर बार में सामान व बीयर की बोतलें फोड़ते दिखाई दे रहे हैं। युवकों के हाथों में तलवार, गंडासा, पाइप और लाठियां नजर आ रही हैं।केथून थाना अधिकारी मनोज सिंह सिकरवार के अनुसार, गुरुवार रात दो युवक बीयर बार और रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे थे। कर्मचारियों ने दोनों युवकों को दूसरी टेबल पर बैठने के लिए कहा। इसी बात को लेकर कर्मचारियों और युवकों के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में मारपीट हुई और चाकूबाजी भी हुई। इस दौरान कर्मचारी शिवराज सुमन के पैर में चाकू लगने से वह घायल हो गया। बाद में मामला शांत हो गया।आरोप है कि अगले दिन सुबह करीब 7:30 बजे दोनों युवक अपने 4-5 साथियों के साथ लग्जरी कार में रेस्टोरेंट पहुंचे। सभी युवक हथियारों से लैस थे। कार से उतरने के बाद चार युवक गेट तोड़कर अंदर घुसे और रेस्टोरेंट व बीयर बार में तोड़फोड़ शुरू कर दी। इस दौरान सामान और बीयर की बोतलें फोड़ दी गईं।घटना के बाद कर्मचारी शिवराज सुमन की शिकायत पर केथून थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Sangod, Kota | Sep 19, 2026