*बांदा में निषाद पार्टी की समीक्षा बैठक, डॉ. संजय निषाद बोले - बुंदेलखंड की सभी 11 विधानसभा सीटों पर NDA की जीत का संकल्प*
*बांदा।* निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद रविवार को बांदा के सर्किट हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने मंडल के अंतर्गत आने वाले सभी जनपदों के नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और जिला कमेटियों को पद एवं संगठन के प्रति निष्ठा की शपथ दिलाई।
इसके बाद डॉ. निषाद ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक समीक्षा बैठक की। उन्होंने नवनियुक्त जिला अध्यक्षों और नई जिला कमेटियों को निर्देशित किया कि वे निषादराज जिला अध्यक्षों एवं पूर्व कमेटियों के साथ आपसी तालमेल और समन्वय स्थापित करते हुए संगठन को आगे बढ़ाएं।
डॉ. निषाद ने कहा कि संगठन की ताकत कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के समर्पण पर निर्भर करती है। जिस प्रकार किसी पेड़ की जड़ें जितनी गहरी और मजबूत होती हैं, उसका विस्तार और मजबूती भी उतनी ही अधिक होती है, उसी प्रकार संगठन की जड़ें उसके समर्पित कार्यकर्ता और पदाधिकारी होते हैं।
पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में हमने बुंदेलखंड की एक सीट पर NDA गठबंधन के तहत चुनाव लड़ा था। यह निषाद पार्टी के लिए अत्यंत शुभ संकेत और गौरव का विषय रहा कि उन्होंने पार्टी की राजनीतिक यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी का एक विधायक चुनकर विधानसभा पहुंचा, इसके बाद वर्ष 2018 में गोरखपुर जैसी मजबूत और राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण सीट पर हमले लोकसभा उपचुनाव में जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक ताकत का परिचय दिया। वर्ष 2021 में एक विधान परिषद सीट पाई और वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में संतकबीरनगर से पुनः अपना सांसद बनाकर संसद में प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया। इन्हीं उपलब्धियों और कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने एक से बढ़कर 11 सीटों तक का राजनीतिक सफर तय किया।
डॉ. निषाद ने कहा कि अब बुंदेलखंड में भी निषाद पार्टी को एक से 11 तक पहुंचाने का संकल्प पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी को लेना होगा। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य बुंदेलखंड की सभी 11 विधानसभा सीटों पर NDA गठबंधन की जीत सुनिश्चित कराने का है। इसके लिए पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता को आज से ही आगामी विधानसभा चुनाव तक बिना रुके और बिना थके पूरी निष्ठा, समर्पण एवं एकजुटता के साथ मेहनत करनी होगी।
उन्होंने मंडल में निषाद पार्टी के उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग करते हुए कहा कि बुंदेलखंड में पार्टी को कम से कम 03 विधानसभा सीटें एवं 01 लोकसभा सीट मिलनी चाहिए। उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पार्टी की विचारधारा और संघर्ष को पहुंचाने तथा NDA गठबंधन को मजबूती प्रदान करते हुए बुंदेलखंड में ऐतिहासिक जीत का मार्ग प्रशस्त करने का आह्वान किया।
अंत में उन्होंने सभी पदाधिकारियों को संकल्प दिलाते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य केवल आगामी विधानसभा चुनाव में संगठन को मजबूत करना ही नहीं, बल्कि आगामी लोकसभा चुनाव में बुंदेलखंड की धरती से निषाद पार्टी का एक सांसद चुनकर संसद में भेजना भी होना चाहिए। इसके लिए सभी को अभी से पूरी ताकत के साथ संगठन के विस्तार और जनसंपर्क में जुट जाना होगा
Atarra, Banda | Nov 23, 2026