प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक 20 अगस्त 2026
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर कलश यात्रा का शुभारंभ
अनुसूचित जाति बहुल टोलों में 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक लगेंगे ‘श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर’
संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार ने आज समाहरणालय परिसर से कलश यात्रा का शुभारंभ किया। समाहरणालय परिसर से रवाना किए गए कलश वाहन जिले के सभी सातों प्रखंड मुख्यालयों में पहुंचेंगे तथा निर्धारित मार्ग के अनुसार जिले की सभी पंचायतों का भ्रमण करेंगे।
इस अवसर पर जिला कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि कलश यात्रा के उपरांत जिले के अनुसूचित जाति बहुल टोलों में ‘श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। यह विशेष अभियान 27 अगस्त 2026 से 15 फरवरी 2027 तक प्रत्येक गुरुवार को आयोजित किया जाएगा।
यह अभियान अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तत्वावधान में संचालित किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति बहुल टोलों में निवास करने वाले पात्र एवं वंचित परिवारों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार तक पहुंचाना तथा पात्र लाभुकों का योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादन सुनिश्चित करना है।
22 प्रमुख योजनाओं एवं सेवाओं से किया जाएगा आच्छादन
शिविरों के माध्यम से पात्र लाभुकों को निम्नलिखित योजनाओं एवं सेवाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी—
1 सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन कार्ड से आच्छादन।
2 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से आच्छादन।
3 औपचारिक शिक्षा हेतु विद्यालय में नामांकन।
4 आंगनबाड़ी सेवाओं से आच्छादन।
5 जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराना।
6 आधार कार्ड निर्माण।
7 कुशल युवा कार्यक्रम/कौशल विकास कार्यक्रम से जोड़ना।
8 मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना से आच्छादन।
9 ई-श्रम कार्ड एवं बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कल्याण बोर्ड में निबंधन (श्रमिक कार्ड)।
10 आयुष्मान भारत कार्ड/स्वास्थ्य कार्ड तथा हेल्थ कैंप की सुविधा।
11प्रधानमंत्री आवास योजना से आच्छादन।
12 वास-भूमि/बंदोबस्ती से संबंधित कार्रवाई।
13 सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से आच्छादन—वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांग पेंशन, पारिवारिक लाभ, कबीर अंत्येष्टि अनुदान, मुख्यमंत्री कन्या विवाह, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान एवं प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना आदि।
14 बुनियाद केंद्र से संबंधित योजनाओं के अंतर्गत चश्मा, हियरिंग एड एवं तिपहिया साइकिल आदि का वितरण।
15 हर घर नल-जल योजना से आच्छादन।
16 मुख्यमंत्री ग्रामीण पक्की गली-नाली निश्चय योजना से संबंधित कार्य।
17 मनरेगा जॉब कार्ड से आच्छादन।
18 प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना से आच्छादन।
19 बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराना।
20 जीविका समूह/सतत जीविकोपार्जन योजना से आच्छादन।
21 ग्रामीण कार्य विभाग के अंतर्गत अनुसूचित जाति टोलों में मुख्यमंत्री टोला संपर्क योजना।
22 स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण/लोहिया स्वच्छता अभियान के अंतर्गत सामुदायिक एवं व्यक्तिगत शौचालय से आच्छादन।
पंचायत स्तर पर होगा शिविरों का संचालन
‘श्री गुरु संत रविदास विकास शिविर’ का संचालन संबंधित पंचायत सचिव एवं विकास मित्र द्वारा किया जाएगा। शिविर में सभी संबंधित पंचायत स्तरीय कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। प्रत्येक शिविर के लिए प्रखंड स्तर पर एक पर्यवेक्षक को प्रभारी बनाया जाएगा, जो शिविर के सफल संचालन तथा पात्र लाभुकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया है कि शिविरों का प्रभावी एवं व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित करते हुए अनुसूचित जाति बहुल टोलों में निवास करने वाले पात्र परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उपलब्ध कराया जाए।
इस विशेष अभियान का उद्देश्य केवल योजनाओं का प्रचार-प्रसार करना ही नहीं, बल्कि योजनाओं की जानकारी, पात्रता की पहचान, आवश्यक दस्तावेजों की उपलब्धता तथा लाभुकों को संबंधित योजनाओं से जोड़ने की पूरी प्रक्रिया को उनके गांव एवं टोले तक पहुंचाना है। जिला प्रशासन द्वारा अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करते हुए अधिक से अधिक पात्र एवं वंचित परिवारों को लाभान्वित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
19 views | Lakhisarai, Bihar | Aug 21, 2026