प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, लखीसराय।
दिनांक : 20 अगस्त 2026
आगामी सोमवारी को लेकर अशोक धाम हॉल्ट एवं मंदिर परिसर का निरीक्षण
आगामी सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं विधि-व्यवस्था संधारण को लेकर आज दिनांक 20 अगस्त 2026 को जिला पदाधिकारी श्री शैलेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार एवं अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार द्वारा अशोक धाम हॉल्ट एवं मंदिर जाने वाले मार्ग का निरीक्षण किया गया।
स्टेशन से सटे बड़े पार्किंग क्षेत्र में पत्थर, ईंट, छड़ बिखरे होने के कारण यात्रियों द्वारा इस क्षेत्र का समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा है। इस पूरे पार्किंग क्षेत्र की साफ-सफाई करने का निर्देश दिया गया, ताकि प्लेटफार्म से उतरने के बाद यात्री पार्किंग क्षेत्र से होते हुए जिग-जैग पॉइंट में शामिल होकर व्यवस्थित रूप से मंदिर की ओर प्रस्थान कर सकें।
वर्तमान में प्लेटफार्म के ऊपर निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल का कार्य अगले दो दिनों के अंदर पूर्ण करने का निर्देश दिया गया। तथा प्लेटफार्म पर बिखरे ईंट-पत्थर आदि को साफ कराने तथा यात्रियों के पेयजल हेतु लगे कुछ नल जो बंद पाए गये उन्हें यात्रियों के हित में चालू कराने का निर्देश दिया गया।
विदित हो कि वर्तमान में यात्रीगण एकमात्र सीढ़ी के संकरे रास्ते से सीधे बाहरी सड़क पर चले जाते हैं, जबकि नीचे का पूरा पार्किंग क्षेत्र खाली पड़ा रहता है।
वास्तु विहार दृष्टि किरण बिल्डिंग जो कि रास्ते में है, वहां एक स्वास्थ्य शिविर, नियंत्रण कक्ष तथा एडवांस लाइफ सपोर्ट (ALS) युक्त एंबुलेंस की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया। साथ ही पुलिस बल एवं मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति, सीसीटीवी कैमरा एवं नियंत्रण केंद्र की स्थापना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, जगह-जगह लगे सभी विद्युत पोलों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराने तथा जहां आवश्यकता हो वहां ड्रॉप गेट की संख्या बढ़ाने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने बताया कि आगामी सोमवारी को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पूर्व से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों के साथ अतिरिक्त बल एवं पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। इसका उद्देश्य श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारू बनाए रखना तथा किसी भी प्रकार की असुविधा एवं विधि-व्यवस्था संबंधी समस्या को रोकना है।
इसके साथ ही अशोक धाम हॉल्ट से अशोक धाम मंदिर तक श्रद्धालुओं के मार्गदर्शन के लिए आवश्यक स्थानों पर स्पष्ट साइनेज एवं डायरेक्शन बोर्ड लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
जिला प्रशासन द्वारा आगामी सोमवारी को लेकर सभी आवश्यक तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
25 views | Lakhisarai, Bihar | Aug 21, 2026