➡️ कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने समय-सीमा बैठक में की समीक्षा: जनविश्वास अभियान के पहले शिकायतों का हो संतुष्टिपूर्वक और समयबद्ध निवारण
➡️ 100 दिवस से लंबित प्रकरणों पर त्वरित कार्रवाई करने, आयोगों के लंबित पत्रों में एक्शन टेकन रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश
समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शिकायतों के निवारण की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनविश्वास अभियान शिविरों की तिथियों से पहले सभी लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक समाधान किया जाए। उन्होंने निर्देश दिये कि आगामी अगले कैंप से पहले शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी , राजस्व, स्वास्थ्य , मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, नागरिक आपूर्ति , तथा अनुसूचित जाति/जनजाति एवं सहकारिता आदि विभागों के अंतर्गत लंबित शिकायतों की बिंदुवार समीक्षा की।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा लाडली बहना योजना के 100% प्रकरणों में अगले तीन दिनों के भीतर E-KYC कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार भू-अर्जन से संबंधित 100 दिनों से लंबित शिकायतों की प्रकरणवार समीक्षा की गई। लापरवाही पर डब्ल्यूआरडी के संबंधित एसडीओ को नोटिस जारी करने तथा मालथोन, बंडा, बीना , खुरई, सागर आदि के भू-अर्जन प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ्य से संबंधित लंबित प्रकरणों में लगातार उच्च स्तर से फॉलो-अप लेने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मांग आधारित शिकायतों को केवल मांग दर्शाकर बंद न करें, बल्कि उनके साथ एक नियमानुसार और स्पष्ट प्रतिवेदन भी अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करें। विभिन्न आयोगों से प्राप्त विगत तीन महीने से लंबित पत्रों तथा प्रकरणों पर चिंता व्यक्त करते हुए निर्देश दिए गए कि सभी मामलों में एक्शन टेकन रिपोर्ट अपलोड कर प्रकरणों को बंद कराएं। अनापत्ति प्रमाण-पत्र व सहमति के कारण लंबित विकास परियोजनाओं के कार्यों को बिना किसी देरी के जल्द से जल्द अंतिम रूप देकर पूर्ण कराने के कड़े निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री शैलेश द्विवेदी, समस्त एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
#jansamparkMP #sagar
Sagar, Madhya Pradesh | Oct 12, 2026