खेल विभाग, बिहार सरकार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में सासाराम के फजलगंज खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय बास्केटबॉल प्रतियोगिता 2026 का समापन शनिवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों एवं भव्य सम्मान समारोह के साथ हुआ।
फाइनल मुकाबलों में U-14 आयु वर्ग में पटना प्रमंडल ने तिरहुत प्रमंडल को 16-13 अंकों से पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया। U-17 आयु वर्ग में एकलव्य बिहार ने तिरहुत प्रमंडल को 47-29 अंकों से हराकर विजेता बना। इस मुकाबले में युवराज सिंह, ओम प्रताप एवं अनुराग कुमार का प्रदर्शन शानदार रहा। वहीं U-19 आयु वर्ग में पटना प्रमंडल ने भागलपुर प्रमंडल को 43-31 अंकों से हराकर खिताब अपने नाम किया, जिसमें अतुल का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम श्रीमती प्रिया रानी तथा विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा पदाधिकारी, रोहतास श्री मनीष कुमार सिंह एवं पुलिस उपाधीक्षक, सदर सासाराम श्री विप्लव कुमार उपस्थित रहे। विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को मेडल, कप एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि एवं अतिविशिष्ट अतिथियों को जिला खेल पदाधिकारी (शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक), रोहतास श्री विजय कुमार पंडित द्वारा अंगवस्त्र, पौधा एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को कप प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के सफल एवं निष्पक्ष संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बिहार राज्य खेल प्राधिकरण से प्रतिनियुक्त विभागीय तकनीकी पदाधिकारियों एवं निर्णायकों को भी अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल भावना, अनुशासन एवं निरंतर अभ्यास के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दीं। बारिश के व्यवधान के बावजूद खिलाड़ियों के उत्साह, जोश एवं जज्बे से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हुई। आयोजन को सफल बनाने में तकनीकी पदाधिकारियों एवं निर्णायकों, मेडिकल टीम, नगर निगम कर्मियों तथा प्रतिनियुक्त शारीरिक शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
शारीरिक शिक्षा उपाधीक्षक, रोहतास ने खिलाड़ियों के अनुशासन एवं निर्णायकों की निष्पक्ष भूमिका की सराहना करते हुए बिहार सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ खेल योजना की चर्चा की। उन्होंने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करने वाली टीमों को शुभकामनाएं देते हुए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों एवं आयोजन में सहयोग करने वाले कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
#IPRD
#BiharGovernment
#RohtasAdministration
#Basketball
#CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Nov 21, 2026