शादी से मना किया तो युवती पर जानलेवा हमला, टांगी से किए ताबड़तोड़ वार
जलडेगा :जलडेगा थाना क्षेत्र के कारीमाटी पाहन टोली में रविवार सुबह करीब 8 बजे एक युवती पर टांगी से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में सरिता समद, पिता स्व. जोलेन समद गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोप है कि बानो प्रखंड के बुम्बुल्डा महतो टोली निवासी अनिल लुगुन, पिता नियरजन लुगुन, दौली लेकर आया और घर में रखी टांगी से युवती पर करीब सात वार कर दिए। हमले में सरिता के सिर, गर्दन और हाथ समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।घटना के बाद आरोपी नदी पार कर फरार हो गया। परिजन घायल युवती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दोनों का शादी का रिश्ता पहले तय हुआ था। वर्ष 2025 में युवती को युवक के किसी अन्य युवती के साथ कथित अवैध संबंध की जानकारी मिली, जिसके बाद सरिता ने युवक से शादी करने से इनकार कर दिया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने युवती पर जानलेवा हमला किया। घायल सरिता ने यह भी बताया कि आरोपी इससे पहले भी उस पर जानलेवा हमला कर चुका है।