सिमडेगा:अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में रविवार को पांच दिवसीय डॉ. भीमराव अंबेडकर फुटबॉल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता की शुरुआत की।उद्घाटन मैच नाईन बुलेट क्लब रांची और मीट ट्रेवल सिमडेगा के बीच खेला गया, जिसमें नाईन बुलेट क्लब रांची ने 1-0 से जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे।जोसिमा खाखा ने कहा कि सिमडेगा की पहचान खेल और खिलाड़ियों से है। गांव-गांव में प्रतिभावान खिलाड़ी हैं, जिन्हें बेहतर प्रशिक्षण, मैदान और प्रतियोगिताओं के अवसर देने की जरूरत है। खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना विकसित करता है। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने और युवाओं से नशे से दूर रहने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि विधायक भूषण बाड़ा के प्रयास से फुटबॉल स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय स्तर के हॉकी स्टेडियम का निर्माण हुआ है। इससे खिलाड़ियों को प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा।मौके पर अख्तर खान, हरसद हुसैन, इम्तियाज हुसैन, शकील अहमद, सेराफिनुश कुल्लू सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेलप्रेमी मौजूद थे।