अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती है प्रतियोगिता: विधायक भूषण बाड़ा
सिमडेगा:बीरू भिखारियेट के तामड़ा पल्ली में रविवार को बीरू भिखारियेट प्रथम हॉकी सह सांस्कृतिक नाच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में खेल के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपरा की झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा तथा विशिष्ट अतिथि डीन फादर हेरमन खलखो और जिला परिषद सदस्य जोसिमा खाखा मौजूद रहे। अतिथियों का आयोजन समिति की ओर से स्वागत किया गया। प्रतियोगिता के हॉकी में ट्रायब्रेकर में सोगड़ा पारिस ने बिंधाईतोली को 3-1 से हराया। वहीं सांस्कृतिक नाच प्रतियोगिता में सोगड़ा प्रथम, क्रूसकेला दूसरा एवं तामड़ा पारिस को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। सभी विजेताओं और उप विजेताओं को विधायक ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मौके पर विधायक भूषण बाड़ा ने कहा कि सिमडेगा की पहचान हॉकी से है और यहां की मिट्टी ने देश को कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी दिए हैं। गांवों में आयोजित होने वाली ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती हैं। उन्होंने कहा कि खेल केवल मैदान में जीत-हार तक सीमित नहीं है। यह युवाओं को अनुशासन, मेहनत, टीम भावना और नेतृत्व की सीख देता है। उन्होंने कहा कि जिले में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि खेल के साथ संस्कृति को जोड़ना इस आयोजन की खासियत है। हमारी लोक संस्कृति, गीत, संगीत और नृत्य हमारी पहचान हैं। आधुनिक दौर में भी युवा अपनी परंपरा से जुड़े रहें, इसके लिए ऐसे आयोजनों को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहकर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का संदेश दिया। मौके पर विजेता टीम को विधायक ने पुरस्कृत किया।