*विकास एवं पंचायत मंत्री हरियाणा ने 108 डायामीटर की रंगोली का किया उद्घाटन*
*सरकार ने गरीब और जरूरतमंद परिवारों के उत्थान के लिए अनेकों योजनाएं की संचालित-कृष्ण लाल पंवार*
*रंगौली जैसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में बढता है आत्मविश्वास-विकास एवं पंचायत मंत्री*
पंचकूला/कमल कलसी
हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने सेक्टर-5 स्थित परेड ग्राउंड में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में 108 डायामीटर की भव्य रंगोली का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री के अथक प्रयासों के द्वारा देश आज विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है।
उन्होंने कहा कि आज जन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित इस रंगोली प्रतियोगिता में आकर उन्हें प्रसन्ता हो रही है। उन्होंने इस आयोजन के लिए शिक्षा विभाग के सभी अधिकारियों, शिक्षकों, निर्णायक मंडल और आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई दी।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता दिखाने का जो अवसर आज दिया गया है, वह निश्चित रूप से सराहनीय है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की सेवा, समर्पण और सुशासन की यात्रा को समर्पित करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आगामी 7 अक्टूबर को श्री नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सार्वजनिक जीवन में सेवा करते हुए 25 वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। यह 25 वर्षों की जनसेवा यात्रा, सुशासन, विकास और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी यात्रा के रूप में देखी जा रही है।
पंवार ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से समाज में सेवा, सहयोग, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। इस अभियान का संदेश भी यही है कि हम केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज और देश के लिए भी कुछ करने का संकल्प लें। पिछले 12 वर्षों में भारत देश में आधारभूत ढांचे, सड़क, रेलवे, बिजली, डिजिटल कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, गरीब कल्याण और महिला सशक्तिकरण सहित अनेक क्षेत्रों में योजनाएं और विकास कार्य किए गए हैं। देश में डिजिटल सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है और आज अनेक सरकारी सेवाएं लोगों तक ऑनलाइन माध्यम से सीधे उनके द्वार पर पहुंच रही हैं। गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए आवास, शौचालय, बैंक खाते, रसोई गैस, स्वास्थ्य सुविधाओं और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को बढ़ाने के लिए भी अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं। प्रधानमंत्री की इस जनसेवा विकास यात्रा में शिक्षा को विशेष महत्व दिया गया है। नई शिक्षा नीति के माध्यम से शिक्षा को अधिक व्यापक, कौशल आधारित और विद्यार्थी केंद्रित बनाने पर जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान देने के बजाय उनकी रचनात्मकता, तकनीकी क्षमता, खेल, कला और कौशल विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है। हरियाणा भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में और मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा, डिजिटल सुविधाएं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। आज गांवों में मूलभूत सुविधाओं के साथक-साथ पंचायतों को भी डिजिटल प्रणाली से सशक्त और मजबूत किया जा रहा है। इसी के साथ-साथ शहरों व ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
पंवार ने कहा कि 108 डायामीटर की रंगोली प्रतियोगिता भी इसी सोच का एक हिस्सा है। रंगोली केवल रंगों से बनाई गई आकृति नहीं है। यह हमारी भारतीय संस्कृति, परंपरा, कल्पनाशक्ति और रचनात्मकता का प्रतीक है। जब कोई विद्यार्थी रंगों को मिलाकर एक सुंदर आकृति तैयार करता है, तो उसके पीछे उसकी कल्पना, मेहनत, धैर्य और एकाग्रता होती है। ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और रचनात्मक सोच विकसित करती हैं। इसलिए शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य एक ऐसे व्यक्तित्व का निर्माण करना है, जो ज्ञान के साथ संस्कारों से भी समृद्ध हो और अपने समाज तथा देश के प्रति जिम्मेदारी को समझे। उन्होंने कहा कि बच्चे देश और प्रदेश का भविष्य हैं। आने वाले समय में आपमें से कोई शिक्षक बनेगा, कोई डॉक्टर, कोई इंजीनियर, कोई वैज्ञानिक, कोई अधिकारी और कोई उद्यमी बनेगा। लेकिन सबसे पहले आप सभी अच्छे और जिम्मेदार नागरिक बनें, यही सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सामाजिक सेवा जैसे कार्यों में भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन से जुड़े इस सेवा संकल्प अभियान का एक महत्वपूर्ण संदेश जनभागीदारी का भी है। उन्हेांने कहा कि जब विद्यार्थी, शिक्षक, अभिभावक, युवा और समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझकर आगे बढ़ता है, तभी किसी प्रदेश और देश का विकास मजबूत होता है। हमें आज यह संकल्प लेना चाहिए कि हम अपने आसपास सकारात्मक बदलाव लाने में अपनी भूमिका निभाएंगे। हम स्वच्छता रखेंगे, पर्यावरण बचाएंगे, जरूरतमंदों की सहायता करेंगे, शिक्षा का महत्व समझेंगे और अपने समाज को आगे बढ़ाने में योगदान देंगे।
हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चैयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देश की साख दुनिया भर में बढाई है। प्रधानमंत्री ने पानीपत से बेटी बचाओ बेटी पढाओ अभियान चलाकर हरियाणा में ही नही देशभर में बेटियों का मान बढाया है। उन्होने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस की बधाई व शुभकामनाएं दी।
बीजेपी के जिला प्रधान अजय मितल ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षा विभाग व बच्चों द्वारा बनाई गई रंगौली की भूरी भूरी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के अथक प्रयास से ही भारत दुनिया का मार्गदर्शन कर रहा है और 2047 तक भारत एक विकसित देश के रूप में उभरेगा।
पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने 25 साल के समय में गुजरात के मुख्यमंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के रूप में देश के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है। उन्होने कहा कि आने वाला समय भारत का है। वो दिन दूर नही जब भारत दुनिया का सिरमौर बनेगा । उन्होने कहा कि 17 सिंतबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान में अनेंकों कार्यक्रम व प्रधानमंत्री द्वारा किए गए कार्यो को जनता के सामने प्रस्तुत किया जाएगा।
*इस बडी रंगोली को बनाने मे सार्थक स्कूल सेक्टर 12A के पीजीटी फाइन आर्ट्स के लेक्चरर भीम सिंह व म्यूजिक टीचर व बच्चों का विशेष योगदान रहा है।*
इस अवसर पर उपायुक्त पंचकूला सतपाल शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्या, एसडीएम मन्नत राणा, डीईईओ सुमन, डिप्टी डीईओ रमेश बत्रा, जिला महामंत्री जय कौशिक, रंगोली कार्यक्रम की संयोजक मीता सरकार व शरू ढिमरी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व विद्यार्थी उपस्थित रहे।