अश्विन नवरात्र मेला: उपायुक्त सतपाल शर्मा ने समीक्षा बैठक में दिए निर्देश, समय रहते पूरी हों सभी तैयारियां
11 से 20 अक्तूबर तक आयोजित होगा अश्विन नवरात्र मेला
स्वच्छता को दैनिक गतिविधि बनाएं: उपायुक्त ने दिए मनसा देवी मंदिर परिसर व नालों की विशेष सफाई के आदेश
मंदिर परिसर की सभी पानी की टंकियों की एक सप्ताह के भीतर सफाई करें सुनिश्चित- उपायुक्त
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए चलेंगी विशेष बसें, सड़कों की मरम्मत व सौंदर्यीकरण के निर्देश
पंचकूला, 18 सितंबर: उपायुक्त एवं श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य प्रशासक श्री सतपाल शर्मा ने 11 से 20 अक्तूबर 2026 तक आयोजित होने वाले अश्विन नवरात्र मेले की तैयारियों को लेकर बोर्ड के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को मेले के भव्य आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्री माता मनसा देवी पूजा स्थल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री विवेक आर्या, कालका की विधायक श्रीमती शक्ति रानी शर्मा, मुख्यमंत्री के ओएसडी श्री बीबी भारती, हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग की चेयरपर्सन श्रीमती बंतो कटारिया और विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री ज्ञानचंद गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने मंदिर परिसर में स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता को केवल किसी आयोजन तक सीमित न रखकर दैनिक गतिविधियों में शामिल किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ व सुंदर वातावरण का अनुभव हो। उन्होंने बोर्ड की स्वच्छता समिति से भी इस दिशा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर से प्रतिदिन कचरे का संग्रहण कर उचित स्थान पर निस्तारण किया जाए और शौचालयों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। इसके अलावा, सिंह द्वार से मंदिर तक के क्षेत्र को पूर्ण रूप से स्वच्छ बनाने तथा पीएमडीए को मंदिर परिसर के समीप से गुजरने वाले नाले की प्राथमिकता के आधार पर सफाई करवाने के निर्देश दिए।
पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को मंदिर परिसर की सभी पानी की टंकियों की एक सप्ताह के भीतर सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं को स्वच्छ पेयजल मिल सके। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा नियमित रूप से पानी के सैंपलों की जांच की जाए ताकि गुणवत्ता बनी रहे। श्री सतपाल शर्मा ने स्पष्ट किया कि मंदिर परिसर स्थित मार्केट में किसी भी तरह का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने दुकानों के सामने पर्याप्त कॉरिडोर रखने और कूड़ा-कचरा एकत्रित न होने देने के निर्देश दिए ताकि श्रद्धालुओं और ग्राहकों को असुविधा न हो।
मेले के दौरान कानून व्यवस्था और सुगम यातायात बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात करने, जगह-जगह नाके लगाने और श्रद्धालुओं की कतारों का उचित प्रबंधन करने के निर्देश दिए गए। दिव्यांगों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं के दर्शन के लिए अलग से व्यवस्था की जाएगी। उपायुक्त ने उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम को माता मनसा देवी मंदिर, कालका के काली माता मंदिर और श्री चंडी माता मंदिर में 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ तैनात करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग हरियाणा और सीटीयू चंडीगढ़ को तीनों मंदिरों के लिए नियमित अंतराल में बसें चलाने के निर्देश दिए गए।
श्री सतपाल शर्मा ने नगर निगम पंचकूला और नगर परिषद कालका को मंदिर के आसपास के क्षेत्रों तथा पहुंच मार्गों की मरम्मत करवाने और लोक निर्माण विभाग को तीनों मंदिरों के कर्व चैनलों का रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर एसडीएम कालका संयम गर्ग, एसीपी सुरेंद्र सिंह, एसीपी राकेश, श्राईन बोर्ड की सचिव शारदा प्रजापति, काली माता मंदिर कालका के सचिव पृथ्वीराज, डीएफएसओ बलजीत मलिक, फायर स्टेशन अधिकारी तरसेम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और श्राईन बोर्ड के सदस्य कुलभूषण गोयल, ईश्वर जिंदल, पुनीत बेदी, अमित जिंदल, संजय कुमार, आरपी मल्होत्रा, ऋषभ, हरिचंद गुप्ता एवं देवेंद्र धवन उपस्थित रहे।